महासमुन्द

खरीददारों-गवाहों ने पटवारी-कोटवार से मिलीभगत कर दूसरे की जमीन बेच दी
07-Jun-2022 4:10 PM
खरीददारों-गवाहों ने पटवारी-कोटवार से मिलीभगत कर दूसरे की जमीन बेच दी

क्रेता व गवाहों के खिलाफ  धोखाधड़ी का मामला दर्ज

सबूत मिला तो पटवारी व कोटवार के खिलाफ  भी मामले दर्ज होंगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद ,7 जून।
महासमुंद में विवादित जमीन का फैसला आने के बाद भी क्रेता व गवाहों ने पटवारी-कोटवार से मिली भगत कर बेच दिया है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने फिलहाल क्रेता व गवाहों के खिलाफ  धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। लेकिन पुलिस को पटवारी व कोटवार के खिलाफ  सबूत नहीं मिला है, इस कारण उनके खिलाफ  मामला दर्ज नहीं हुआ है। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि यदि दोनों के खिलाफ  सबूत मिलेगा तो उन पर भी मामला दर्ज होगा।

इस संबंध में खल्लारी थाना प्रभारी अशोक वैष्णव का कहना है कि पटवारी व कोटवार के खिलाफ जांच में सबूत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी ने बताया कि ग्राम अमलीडीह पोस्ट खम्हरिया थाना खल्लारी निवासी गया सिंग निषाद पिता झंगलू निषाद 70 साल ने पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला को लिखित में शिकायत करते हुए बताया है कि उसके अमलीडीह स्थित खसरा क्र. 33-1 रकबा 0.50 हेक्टेयर की विवादित जमीन को गांधी चौक महासमुंद निवासी क्रेता अजय पिंचा के साथ मिलकर कचरू निषाद, रामुलाल, भागीरथी साहू, घांसीराम साहू, पटवारी कृष्ण कुमार साहू व कोटवार आमाकोनी मोहन दास मानिकपुरी ने छगन निषाद को फर्जी तरीके से बेच दी है।

शिकायत पत्र प्राप्त होते ही मामले की विवेचना की गई। जांच में पाया कि अजय पिंचा द्वारा विवादित उक्त खसरा भूमि का मामला एसडीएम न्यायालय बागबाहरा में चल रहा था। उक्त जमीन का निर्णय 29 दिसंबर 2021 को प्रार्थी गया सिंग के पक्ष में आने के बावजूद 25 दिसंबर 2021 को पहनं 20 के पटवारी से उक्त खसरा का बी 1, खसरा, नक्शा निकलवाकर 1 जनवरी 2022 को बैनामा विक्रय विलेख की कण्डिका 3 में संबंधित भूमि के विवाद को छुपाते हुए झूठी घोषणा कर उक्त विवादित खसरे की जमीन को क्रेता अजय पिंचा के साथ मिलकर गवाह अमलीडीह निवासी रामू लाल पटेल, कचरू निषाद, भागिरथी साहू, घासीराम साहू ने छगन लाल निषाद को बेच दिया गया है।


अन्य पोस्ट