महासमुन्द
महासमुंद, 7 जून। नौतपा समाप्त होने के बावजूद जिले में तपिश कम नहीं हो रही है और लगातार तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही है। कल सोमवार को एक बार फिर महासमुंद में 44.9 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जो पूरे प्रदेश में सर्वाधिक रहा। भीषण गर्मी से जहां लोग हलाकान हैं। हालांकि आने वाले दिनों में इस भीषण गर्मी से राहत की उम्मीद मौसम विभाग ने जताई है लेकिन आज सुबह की शुरूआत 39 डिग्री से हुई।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पिछले तीन-चार दिनों से ग्रीष्म लहर चल रही है। इसका कारण दक्षिण पश्चिम से आने वाली गर्म हवा है। इन्हीं गर्म हवाओं के कारण मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ तप रहा है। कल सोमवार को भी प्रदेश के 13 जिले में तापमान 40 डिग्री से अधिक रहा। तापमान में बढ़ोत्तरी का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी देखने को मिल रहा है। मेडिकल कॉलेज अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर का कहना है कि प्रतिदिन कुछ मरीज आ रहे हैं, जिनका इलाज किया जा रहा है।
अधिकतम तापमान में गिरावट की संभावना है।