महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 जून। मुख्यमंत्री के महासमुंद जिले के दौरे से पहले राजस्व प्रकरणों के निपटारे के लिए महासमुंद तहसील क्षेत्र में हाट बाजार में राजस्व कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इस कैंपों के माध्यम से लोगों के अपने गांव में ही राजस्व के कार्यों का निपटारा हो रहा है। सरकारी अधिकारियों के मुताबिक इस कैंप का उद्देश्य सुलभ न्याय व राजस्व मामलों को न्यायालयीन जटिलताओं से बचाना है। ग्रामीण अपने नियमित बाजार हाट के साथ अपने जमीन संबंधी मामलों को नामांतरण, खाता विभाजन, फ ौती, किसान किताब, फसल, रकबा संसोधन, अभिलेख दुरुस्ती, नक्शा बटांकन, बंदोबस्त सुधार जैसे कार्य आसानी से इन कैंप में हो रहे हैं।
पिछले माह से जारी इन शिविरों का आयोजन लंबित राजस्व प्रकरण के निपटान के लिए कलेक्टर के निर्देश के अनुपालन में नवाचार के रूप में एसडीएम के निर्देशानुसार किया जा रहा है। महासमुंद तहसील अंतर्गत न्यायालय तहसीलदार प्रेमू साहू द्वारा ग्राम बेलटुकरी, बिरकोनी, तुमगांव, भोरिंग, अमावस में व नायब तहसीलदार महासमुंद सूरज बंछोर द्वारा ग्राम नंदगांव, बेलसोंडा, बरोंडाबाज़ार, झारा, पाली, बम्हनी, तहसीलदार झलप कुर्रे द्वारा ग्राम तरेंगा, डुमरपाली, मुनगाशेर, बावनकेरा, कछारडीह, सरेकेल और नायब तहसीलदार पटेवा क्षीरसागर बघेल द्वारा ग्राम जोबा, मानपुर, अचनाकपुर, सिरपुर, गढ़शिवनी, खट्टा में हाट बाजार कोर्ट कैम्प का आयोजन किया गया है।
इन शिविरों के माध्यम से नक्शा बटांकन 23, अभिलेख दुरुस्ती 60, ऋण पुस्तिका सत्यापन 95, रक़बा संशोधन 20 प्रकरण, नाबालिक से बालिक 12, फौती नामांतरण 63, आय जाति प्रमाण पत्र के 772, फसल संशोधन के 5, ऑनलाइन एंट्री 7, नक्शा सुधार 2, सी फार्म 14, डिजिटल हस्ताक्षर 58, बंदोबस्त सुधार 10, खाता विभाजन 8, सीमांकन के 40 प्रकरणों का निराकरण किया गया।