महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 जून। जिले के नजदीकी ग्राम खरोरा में पर्यावरण दिवस पर पौधारोपण किया गया। बलिदान स्मारक व अन्य सार्वजनिक जगहों पर आम पौधा और सीताफल पौधा का रोपण किया।
जिसमें शिक्षक मेमन चन्द्राकर, संवेदना समूह खरोरा के सदस्य मुकेश चन्द्राकर, रेवा चन्द्राकर आदि थे। लोगों को विश्व पर्यावरण का महत्व बताया गया।
मालूम हो कि ग्राम पंचायत बेलसोंडा में रेलवे स्टेशन और एनएच 353 सडक़ के मध्य की खाली जमीन को हरा-भरा करने और पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरुक करने वन विभाग ने बीते साल पौधारोपण किया था।
लेकिन संरक्षण के अभाव में यहां रोपे गए पौधे सूख गए। स्थिति यह है कि साल भर पूर्व यहां पर जो एक सौ पौधे रोपे गए थे उसमें एक भी पौधे जीवित नहीं है। विभाग की यहां 24 सौ पौधे रोपने की योजना थी, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया।
जानकारी अनुसार गत वर्ष अगस्त 2021 में मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना के तहत विभाग ने यहां पर पौधारोपण के साथ ही वन महोत्सव का आगाज किया था। इस दौरान यहां जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों ने यहां खम्हार प्रजाति के एक सौ पौधे रोपे थे।
विभाग ने यहां पर पौधारोपण और संरक्षण के लिए पांच लाख रुपए का प्रोजेक्ट तैयार किया था। लेकिन स्वीकृति नहीं मिलने की वजह से यहां रोपे गए पौधे भी सूख गए। विभागीय अधिकारियों की मानें तो उक्त स्थल में अन्य पौधों का रोपण शासन से फंड न मिलने के कारण नहीं हो पाया।