महासमुन्द
कसेकेरा की रुपई पहाड़ी में पहुंचकर ग्रामीणों ने विश्व पर्यावरण दिवस मनाया, अगले 5 साल में हरा-भरा करने का लक्ष्य
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 जून। ग्राम कसेकेरा की रुपई पहाड़ी में पहुंचकर ग्रामीणों ने कल विश्व पर्यावरण दिवस मनाया और श्रमदान करते अलग-अलग पौधों के बीज रोपे। कसेकेरा के ग्रामीणों के लिए रुपई पहाड़ी इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि अगले पांच साल में इस पहाड़ी को हरा-भरा बनाने का बीड़ा उन्होंने उठाया है। इस बीज रोपण की शुरुआत पिछले महीने 18 मई से की गई थी आरै रुपई पहाड़ी में चटाई पद्यति से मिट्टी बिछाई थी, ताकि बारिश के पहले यहां अलग-अलग प्रजातियों के पेड़ों का बीज रोपण किया जा सके।
कसेकेरा स्कूल के प्रधान पाठक डॉ. विजय शर्मा कहते हैं कि विश्व पर्यावरण दिवस के पहले ही हमने इस पहाड़ी को चिह्नांकित कर यहां की सफ ाई की थी। सफ ाई के पश्चात मई महीने के मध्य में ही पूरी पहाड़ी को बोरे के माध्यम से चटाई विधि से मिट्टी डालकर पौधरोपण और बीज रोपण के लिए तैयार किया था। इसी के तहत कल रविवार को विश्व पर्यावरण दिवस पर शासकीय उच्च प्राथमिक शाला में लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को अपने-अपने घर से बीज व कुदाली के साथ पहाड़ी पर बीजारोपण के लिए मुनादी की गई।
डॉ. विजय शर्मा के मुताबिक ग्राम कसेकेरा के रुपई पहाड़ी को अगले 5 साल में हराभरा करने का लक्ष्य है। पर्यावरण प्रेमी डॉ. राजेन्द्र शर्मा ने खट्टी बेर को बनारसी मीठी बेर में बदलने 10 पौधों में ट्रांसप्लांट किया है। उन्होंने बताया कि इससे भालू व बंदरों के लिए भी इसी पहाड़ी में भोजन की व्यवस्था होगी। अगले कुछ दिनों में इस पहाड़ी में चार, इमली, करन, साजा, खैर, गूंज, बेर, पपीता, कोरिया, नीम, आम, सुबम्बूल, बम्बूल, कपास, भालू बीट से मिले तेंदू के बीज का रोपण किया जाएगा।
इस पूरे अभियान की अगुवाई सरपंच ईश्वरी दीवान और महिला समूह की अध्यक्ष अनुसूइया साहू ने की। रुपई पहाड़ी में स्वेच्छादान के जरिए पौधरोपण, बीजरोपण और पानी के बचाव की पूरी तैयारी है। कल रविवार को युवाओं ने बीज को दो चट्टानों के बीच की दरार में बोकर उस पर खाद डालने का काम किया। इसी तरह गायत्री मिशन से करण साहू व व्यवस्थापक हलधर यादव ने चट्टानों के बीच से बहने वाले पानी को रोकने के लिए ढलान में बैरियर तैयार किया।