महासमुन्द
सूचना आयोग का आदेश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 जून। सूचना का अधिकार के अन्तर्गत निधारित समय सीमा में आवेदक को सूचना दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने व अधिनियम की अवहेलना करने पर मुख्य सूचना आयुक्त ने सचिव ग्राम पंचायत मुनगाडीह को 25,000 रुपए का जुर्माना लगाया। उक्त जुर्माना राशि सचिव रमेश चौहान के वेतन से कटौती करके शासकीय कोष में जमा किया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरटीआई कार्यकर्ता विनोद कुमार दास ने जनसूचना अधिकारी ग्राम पंचायत मुनगाडीह से 23 सितम्बर 2019 को सूचना दस्तावेज की मांग किया। समय सीमा में सूचना उपलब्ध नहीं कराने पर आवेदक ने 30 दिसम्बर 2019 को सीईओ जनपद पंचायत बसना में प्रथम अपील किया। प्रथम अपील में आवेदक को नि:शुल्क सूचना दस्तावेज प्रदाय कराने का आदेश पारित हुआ।
उल्लेखनीय आवश्यक है कि सचिव ग्राम पंचायत मुनगाडीह से मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बसना ने अपने ही पारित आदेश का पालन करावा नही पाये।
जनसूचना अधिकारी एवं प्रथम अपीलीय अधिकारी के कार्यशैली से क्षुब्ध होकर आवेदक ने छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग में 6 जुलाई 2020 को द्वितीय अपील दायर किया। मुख्य सूचना आयुक्त एम. के. राउत ने उक्त प्रकरण में दिनांक 09 मई 2022 को सुनवाई में पाया कि अपीलार्थी को समयसीमा में सूचना उपलब्ध नहीं कराया गया, जो सूचना का अधिकार अधिनियम के विपरीत है। इसलिए पच्चीस हजार रुपए का जुर्माना कराने का आदेश पारित किया।
आदेश में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बसना को 25,000 जुर्माना राशि जनसूचना अधिकारी रमेश चौहान के वेतन से वसूल करके नियमानुसार शासकीय कोष में जमा कराये जाने के लिए निर्देशित किया गया है। सूचना आयोग ने धारा 20(2) के तहत सीईओ जिला पंचायत महासमुन्द को अनुशंसा किया है कि प्रथम अपीलीय अधिकारी के आदेश का पालन नहीं करने और आवेदक को समय सीमा पर सूचना दस्तावेज दस्तावेज उपलब्ध नहीं करने के कारण रमेश चौहान के विरूद्व नियमानुसार जांच कर दोषी पाये जाने पर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई किया जाये।