महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 जून। तुमगांव सीमा शहर से लगे एनएच-53 किनारे व ओवर ब्रिज के आसपास अवैध तरीके से हो रहे शासकीय भूमि पर निर्माण को ध्वस्त करने राजस्व विभाग की टीम दूसरे दिन भी डटी रही। जेसीबी के माध्यम से अतिक्रमण को तोड़ा गया। बीते शुक्रवार को ओवरब्रिज के किनारे मकानों को तोड़ा गया था। कल शनिवार को ग्राम बेेंद्रीडीह के सीमा तक किए अतिक्रमण को खाली कराया गया है। इस दौरान राजस्व विभाग के साथ नगर पंचायत व पुलिस प्रशासन की टीम भी शामिल थी।
कल तुमगांव के मुख्य मार्ग पर अवैध रूप से काबिज दुकानदारों के अस्थाई अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाया गया। एसडीएम भागवत प्रसाद जायसवाल व नगर पंचायत तुमगांव की टीम की अगुवाई में यह अभियान चलाया गया।
नगर पंचायत की सीमा से लगे व आसपास के हाइवे में अतिक्रमण करने वालों को पहले चरण में हटाया गया है। इसके बाद भी अतिक्रमण जारी रहा तो फि र से टीम कार्रवाई करेगी। नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश चंद्राकर व उपाध्यक्ष पप्पू पटेल ने बताया कि शहर में करीब 33 से 40 के बीच व्यापारी हैं,जो अतिक्रमण कर अपना व्यवसाय कर रहे हैं। इन व्यापारियों के लिए आने वाले समय में व्यवस्थापन की कार्रवाई की जाएगी, लेकिन अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी।