महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 जून। तुमगांव भोरिंग मार्ग स्थित शासकीय जमीन पर अतिक्रमण कर मकान-दुकान निर्माण पर जिला प्रशासन का बुलडोजर शुक्रवार को चला। इस दौरान दुकान व मकान को जेसीबी से तोड़ा गया। प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी भारी संख्या में तैनात था। इस कार्रवाई के समय विवाद हुआ, लेकिन प्रशासन ने आखिरकार अतिक्रमण हटा दिया।
मालूम हो कि हाइवे के किनारे लोगों ने अतिक्रमण कर दुकान व मकान बना लिया था। कई बार जनप्रतिनिधियों ने एसडीएम, तहसीलदार व कलेक्टर से अतिक्रमण हटाने की शिकायत की थी। इसके बाद प्रशासन ने शिकायत पर जांच की तो जमीन सरकारी पाई गई। इसके बाद प्रशासन की ओर से अतिक्रमणकारियों को अतिक्रमण हटाने की मोहलत भी दी थी। मियाद पूरा होते ही कार्रवाई की गई।
एसडीएम भागवत जायसवाल ने बताया कि तुमगांव में शुक्रवार को शासकीय जमीन पर हुए कब्जा को हटाया गया।
वहां लोगों ने करीब तीन से साढ़े तीन एकड़ जमीन पर कब्जा कर मकान व दुकान का निर्माण कर लिया था। ये अतिक्रमण नए व पुराने एनएच में था। दोनों ही जगहों का अतिक्रमण हटा दिया गया है।
उन्होंने बताया कि अतिक्रमणकारियों ने पक्के मकान व दुकान बना लिए थे। सभी पक्के मकान व दुकान सहित झोपड़ी व गुमटियों को तोड़ दिया गया है।