महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 जून। क्षेत्र के गढफ़ुलझर गुरूद्वारा श्रीनानक सागर तीर्थस्थल के विकास के लिए नानक सागर गुरुद्वारा निर्माण कमेटी एवं सिक्ख समाज द्वारा भूमि मांग किये जाने पर महासमुंद कलेक्टर गढफ़ुलझर पहुंचे। उन्होंने गुरुद्वारा विकास कार्य हेतु स्थलों का निरीक्षण कर संबंधित दस्तावेजों का परीक्षण उचित निर्णय लेने की बात कहीं।
कलेक्टर नीलेश कुमार क्षीरसागर नानक सागर निर्माण समिति एवं सिक्ख समाज छतीसगढ़ द्वारा गढफ़ुलझर गुरूद्वारा श्रीनानक सागर तीर्थस्थल में भव्य गुरुद्वारा सहित धर्मशाला, नि:शुल्क अस्पताल, विद्यालय एवं उद्यान निर्माण हेतु भूमि की मांग किये जाने पर गढफ़ुलझर पहुंचकर नानकसर साहिब गुरुद्वारा में माथा टेक अरदास किया।
इस अवसर पर सिक्ख समाज बसना के संरक्षक लालसिंह छाबड़ा, प्रधान सरदार एवं गुरुद्वारा निर्माण समिति के महासचिव मंजीत सिंह सलूजा, सचिव महिपाल सिंह जटाल, उपाध्यक्ष गुरुबखश सिंह तलूजा, सचिव मनजीत सिंह छाबड़ा, जसवीर सिंह, धर्मपाल सिंह, जय सिंह, कुलवंत सिंह खनूजा और गढफ़ुलझर सरपंच सुशीला मलिक से विस्तृत चर्चा की।
उन्होंने डीएफएम मद से गुरुद्वारा निर्माण विस्तारीकरण कार्य के लिए 25 लाख रुपए और गुरुद्वारा में उपवन निर्माण हेतु 30 लाख रुपए की स्वीकृति मिलने के साथ गढफ़ुलझर गुरूद्वारा श्रीनानक सागर को तीर्थस्थल के रूप में विकसित करने में पूर्ण सहयोग देने की बात कहीं। कलेक्टर ने स्थल में बनने वाले धर्मशाला, नि:शुल्क अस्पताल, विद्यालय एवं उद्यान निर्माण हेतु स्थलों का तहसीलदार रामप्रसाद बघेल, राजस्व निरीक्षक नारायण ध्रुव, पटवारी गजेंद्र साहू से संबंधित भूमि के बारे जानकारी लेते हुए निरीक्षण किया।