महासमुन्द

नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में 328 बच्चों के स्वास्थ्य की जांच
03-Jun-2022 2:47 PM
नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में 328 बच्चों के स्वास्थ्य की जांच

12 बच्चे सर्जरी के लिए चिन्हांकित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 जून।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत कल गुरूवार को मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल में शून्य से 18वर्ष के चिन्हांकित बच्चों के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में पिछले 6महीने में एनआरसी में भर्ती रहने वाले बच्चों को चिन्हांकित किया गया था। उन्हें चिरायु दल द्वारा विभिन्न ब्लॉक से लाया गया था। इस शिविर में जिलेभर के कुल 328बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की गई।

इस शिविर में मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। शिविर में एनएचएमएमआई हॉस्पिटल रायपुर के विशेषज्ञ चिकित्सक द्वारा ईको कार्डियोग्राफी मशीन से बच्चों के हृदय रोग की जांच की गई और 12बच्चों को सर्जरी के लिए चिन्हांकित किया गया। वहीं 9 बच्चों को फॉलोअप के लिए चुना गया है वहीं 18 बच्चे जांच में सामान्य पाए गए।

मालूम हो कि शिविर में एनएचएमएमआई हॉस्पिटल रायपुर से शिशु एवं बाल हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. किंजल बक्शी ने अपनी सेवाएं दी। हृदय रोग की सर्जरी के लिए चिन्हांकित बच्चों की नि:शुल्क सर्जरी एनएचएमएमआई हॉस्पिटल रायपुर में किया जाएगा।
सीएमएचओ डॉ. एसआर बंजारे ने बताया कि शिविर में जिलेभर से आए बच्चों के खाने.पीने की व्यवस्था विभाग द्वारा की गई थी। विभिन्न विभागों द्वारा बच्चों की जांच की गई है। बच्चों के स्वास्थ्य जांच में सामने आई चीजों के आधार पर आगे बच्चों के स्वास्थ्य पर विभाग द्वारा नियमित नजर रखी जाएगी और आवश्यकतानुसार उपचार भी शुरू कर दिया गया है।

साथ ही बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने का कार्य भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिविर में 16बच्चों का मेडिकल सर्टिफिकेट भी बनाया गया।  
 


अन्य पोस्ट