महासमुन्द

तालाब के पास रखी 76 बोरी महुआ शराब की गई नष्ट
02-Jun-2022 2:57 PM
तालाब के पास रखी 76 बोरी महुआ शराब की गई नष्ट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 जून।
भंवरपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम चनाट में महिला समूह ने जंगल के पास लगे तालाब के पास भारी मात्रा में महुआ शराब जब्त की है। करीब 76 बोरी में ये शराब भरी हुई थी। हालांकि इस शराब के साथ कोई आरोपी नहीं पकड़ा गया, लेकिन पुलिस जांच में जुट गई है।

बताया जा रहा है कि अवैध बिक्री के लिए इसे तालाब के अंदर व बाहर लकड़ी के नीचे छुपा कर रखा गया था। पुलिस ने महिला समूह के सामने ही शराब नष्ट किया। भंवरपुर चौकी प्रभारी नसीमुद्दीन खान ने बताया कि ग्राम चनाट की महिला समूह ने जानकारी दी कि गांव से लगे जंगल के पास एक तालाब में कुछ लोगों ने भारी मात्रा में महुआ शराब छिपाकर कर रखा है।

सूचना मिलते ही टीम महिला समूह के साथ जंगल से लगे तालाब के पास पहुंची, जहां देखा कि बोरियों में महुआ शराब भरा हुआ था। काफी मात्रा में शराब तालाब के अंदर भी छिपाकर रखे थे। टीम ने तालाब से भी शराब की बोरियों को बाहर निकला। टीम ने करीब 76 बोरी महुआ शराब जब्त की और उसे महिलाओं के सामने ही नष्ट कर दिया।

शराब के साथ फिलहाल आरोपी नहीं पकड़ा गया है। इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक श्यामाचरण ध्रुव, प्रधान आरक्षक मनोज मानिकपुरी, आरक्षक ललित कुमार यादव, जैलेंद्र देवांगन, भुनेश्वर खूंटे शामिल थे।
 


अन्य पोस्ट