महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 जून। बसना पुलिस ने एक व्यक्ति को गांजा तस्करी करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इसके पास से पुलिस ने 10 किलो गांजा बरामद किया है। जिसकी कीमत 2 लाख रुपए आंकी गई है। बताया जा रहा है कि आरोपी बस का इंतजार करते हुए खड़ा था।
बसना थाना प्रभारी आईपीएस प्रशिक्षु निखिल राखेचा ने बताया कि वीरनारायण सिंह चौक के पास ग्राम छोटे करगी खुर्द थाना कोटा जिला बिलासपुर निवासी कांता प्रसाद कुंभकार 32 साल को 10 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति लाल रंग के टी शर्ट एवं नीला जींस पैंट पहना हुआ है, वह ओडिशा पदमपुर की ओर से आकर वीरनारायण सिंह चौक बसना में बिलासपुर की ओर जाने वाली बस वाहन का इंतजार करते हुए खड़ा है। उसके पास एक एक सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी है, जिसमें वह गांजा रखा हुआ है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर बोरी की तलाशी ली। गांजा मिलने पर उसे हिरासत में लेकर थाना लाया गया।