महासमुन्द

राइस मिल मैदान में सो रहे मजदूर पर ट्रक चढ़ा, मौत
01-Jun-2022 3:46 PM
राइस मिल मैदान में सो रहे मजदूर पर ट्रक चढ़ा, मौत

महासमुंद, 1 जून। कोतवाली थाना के ग्राम बेमचा स्थित एक राइस मिल के मैदान में सो रहे सिंगनगढ़ थाना पटेवा निवासी टकेश्वर यादव पिता मनोज यादव 35 साल पर ट्रक का पहिया चढ़ गया। इससे युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि गर्मी के चलते मृतक मिल के पास वाले मैदान में सो गया था और घटना के वक्त नींद में था।

कोतवाली थाना प्रभारी सिध्देश्वर ठाकुर से मिली जानकारी के अनुसार 29 मई रात सवा 11 बजे भूसा लोड करने के लिए ग्राम सिंगनगढ़ थाना पटेवा निवासी टकेश्वर यादव पिता मनोज यादव 35 व शेरगांव महासमुंद निवासी गोविंद निषाद पिता बाहरू निषाद 33 साल बेमचा स्थित राइस मिल में आए थे। बहुत से लेबर ट्रक में भूसा लोड कर रहे थे और मिल से लगे मैदान में टकेश्वर यादव व गोविंद निषाद गर्मी लगने की वजह से चटाई बिछाकर सोए हुए थे। थोड़ी देर बाद ट्रक क्रमांक सीजी 06 जीएन 6977 का चालक उसी मिल में जाने के लिए मैदान की ओर से ट्रक ले गया। ट्रक का चालक जमीन में सोए हुए उन दोनों लेबरों देख नहीं पाया और ट्रक टकेश्वर यादव के ऊपर चढ़ गया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। उसके बगल में सोया गोविंद निषाद बाल-बाल बच गया।
गोविंद ने ही उक्त घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी।
 


अन्य पोस्ट