महासमुन्द

शून्य से 18 वर्ष के विभिन्न श्रेणी के चिन्हांकित बच्चों का 2 को नि:शुल्क जांच एवं उपचार शिविर
31-May-2022 2:57 PM
शून्य से 18 वर्ष के विभिन्न श्रेणी के चिन्हांकित बच्चों का 2 को नि:शुल्क जांच एवं उपचार शिविर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 31 मई।
कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत गुरूवार 02 जून को प्रात: 10 बजे से शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय सम्बद्ध चिकित्सालय महासमुंद में 0 से 18 वर्ष के विभिन्न श्रेणी के चिन्हांकित बच्चों का नि:शुल्क जांच एवं उपचार के लिए शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि शिविर में एनएचएमएमआई हॉस्पिटल रायपुर के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा ईको कार्डियोग्राफी मशीन से जांच किया जाएगा। जांच उपरांत बच्चों के हृदय रोग से ग्रसित पाए जाने पर उनका नि:शुल्क इलाज एनएचएमएमआई हॉस्पिटल रायपुर में किया जाएगा। अन्य रोग से ग्रसित बच्चों की जांच एवं उपचार शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा की जाएगी।

एनएचएमएमआई हॉस्पिटल रायपुर से शिशु एवं बाल हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. किन्जल बक्शी अपनी सेवाएं देंगे। शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। जिसमें एमडी मेडिसिन, सर्जन, शिशु रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, नाक, कान, गला रोग विशेषज्ञ, त्वचा रोग विशेषज्ञ, दंत चिकित्सक एवं फिजियोथेरेपिस्ट अपनी सेवाएं देगें। इस शिविर में एनआरसी में भर्ती बच्चों की जांच एवं विगत 06 माह में एनआरसी में भर्ती रहे बच्चों की जांच एवं उपचार किया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एसआर बंजारे ने बताया कि बच्चों को विकासखण्ड स्तर से चिरायु दलों द्वारा वाहनों के माध्यम से चिकित्सा महाविद्यालय लाया जाएगा। बच्चों के भोजन एवं पीने की पानी की व्यवस्था विभाग द्वारा की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि चिरायु दल द्वारा चिन्हांकित अपने बच्चों को शिविर में अवश्य लेकर आएं ताकि बच्चे शिविर का लाभ उठा सके।


अन्य पोस्ट