महासमुन्द
महासमुंद, 31 मई। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक कुशाभाऊ ठाकरे परिसर भाजपा प्रदेश कार्यालय रायपुर में आहुत हुई। बैठक में प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष धरम कौशिक एवं संगठन मंत्री पवन साय उपस्थित थे।
बैठक में राजनैतिक प्रस्ताव प्रदेश महामंत्री नारायण चंदेल ने रखा एवं उसका समर्थन पूर्व मंत्री केदार कश्यप ने किया। प्रस्ताव के पश्चात मांगे गए संशोधनों पर अपने विचार रखते हुए चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ विमल चोपड़ा ने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव पूर्व अनुसूचित जाति के आरक्षण को 14 प्रतिशत से बढ़ाकर 16 प्रतिशत करने का वादा किया था। पर कांग्रेस सरकार सत्तासीन होने के बाद अनुसूचित जाति के लोगों के साथ धोखा कर रही है।
डा. चोपड़ा ने अपनी दूसरी मांग किसान हित में जोडऩे की मांग की।
इसमें सरकार द्वारा रजिस्ट्री दर कम करने को किसानों के साथ छल बताया है। रजिस्ट्री रेट कम करने पर किसानों की अधिग्रहित भूमि का मुआवजा भी 30 प्रतिशत कम हो गया और किसान अपनी भूमि का वास्तविक मूल्य पाने से वंचित है। चार गुना कृषि भूमि का मुआवजा देने का वादा करने वाली कांग्रेस अब ढाई गुना भी मुआवजा देने में आनाकानी कर रही है।