महासमुन्द
1 करोड़ 26 लाख का गांजा समेत ओडिशा के 4 गिरफ्तार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 31 मई। सिंघोड़ा पुलिस ने एक मालवाहक व कार से गांजा तस्करी करते हुए ओडिशा के चार लोगों को गिरफ्तार किया है। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने प्लान बनाया था, वे चारपहिया वाहन में आम की बोरियों के नीचे छिपाकर गांजा तस्करी कर रहे थे, लेकिन इस पर पानी फिर गया।
पुलिस ने मालवाहक वाहन से 600 व कार से 30 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत एक करोड़ 26 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने चारों तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया है।
मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला ने किया। उन्होंने बताया कि गांजा तस्करी की सूचना पर एनएच 53 रोड श्याम ढाबा के सामने ग्राम गनियारीपाली के पास मालवाहक क्रमांक ओडी 07 पी 0595 से 600 किलो गांजा बरामद कर सवार ग्राम बालीछक शाही थाना जतनी जिला खुर्दा ओडिशा निवासी शेख अजीज (30) व अख्तर खान (26) को गिरफ्तार किया।
इसी तरह एनएच 53 ग्राम रेहटीखोल के पास भी कार क्रमांक ओडी 10 1838 की डिक्की से 30 किलो गांजा बरामद कर पडक़ीटाल थाना डोंगरीपाली जिला सोनपुर ओडिशा निवासी विरेन्द्र कुमार सेठी (32) व अभिमन्यु डड़सेना (25) को गिरफ्तार किया है।
मालवाहक से 600 किलों गांजा महाराष्ट्र और कार से 30 किलो गांजा आरोपी रायपुर ले जा रहे थे। पुलिस का कहना है कि मालवाहक वाहन में गांजा की तस्करी कर रहे तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए गाड़ी के डाला के ऊपर चेंबर बनाया था। उसके अंदर कुल 140 पैकेट में 600 किलो गांजा छुपाकर लोहे के चादर से ढंक दिया था। पुलिस को शक न हो इसलिए उसके ऊपर सड़ा हुआ आम रखा हुआ था और ओडिशा से संबलपुर की ओर आ रहा था।