महासमुन्द

जिला चिकित्सालय में बहुत सी कमियां हैं, जिन्हें पूरा करने के बाद आगामी सत्र से पहला बैच शुरू करने की कोशिश की जाएगी-सिंहदेव
30-May-2022 5:44 PM
जिला चिकित्सालय में बहुत सी कमियां हैं, जिन्हें पूरा करने के बाद आगामी सत्र से पहला बैच शुरू करने की कोशिश की जाएगी-सिंहदेव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद, 30 मई।
स्वास्थ्य एवं पंचायत मंत्री टी एस सिंहदेवने पत्रकारवार्ता में रविवार की शाम कहा कि कोरोना के कारण महासमुंद आने में देरी हुई। अभी आया हूं तो जिले की व्यवस्था देखने को मिल रही है। क्योंकि रायपुर में जैसा बताया जाता है वैसा मैदानी स्तर पर बिल्कुल नहीं होता है। जिला चिकित्सालय में बहुत सी कमियां हैं जिन्हें पूरा करने के बाद आगामी सत्र से पहला बैच शुरू करने की कोशिश की जाएगी। कई तरह की समस्याएं भी अन्य विभागों की हैं जिन्हें समझकर सुलझाने की कोशिश होगी। अभी महासमुंद कालेज रिफरल अस्पताल है। इसे अच्छे अस्पताल में ढालने के लिए काफी गुंजाईश है। लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखकर सारे प्लान बनाएंगे। पत्रकारों के पूछने पर उन्होंने कहा कि राजनीति में कोई चेहरा किसी पद के लिए नहीं होता। समय की मांग के अनुरूप चेहरे सामने लाए जाते हैं। कभी कभी किसी चेहरे को दुबारा भी पेश किया जाता है। 

जिले में अधिकारी-कर्मचारियों के कई संगठनों के आंदोलन को लेकर सवाल के जवाब में उन्होंनेे कहा कि जितना हो सके हम उन्हें सपोर्ट कर रहे हैं। लेकिन कुछ एक संगठन जिद पर आंदोलन कर रहे हैं। जिसके चलते मनरेगा के तहत मजदूरों को काम भी ठीक से नहीं मिल रहा है। ऐसे में सोच रहे हैं कि थोड़ी बहुत मांग पूरी करके उन्हें काम पर वापस बुलाई जाए। नहीं लौटेंगे को उन्हें एक महीने का वेतन देकर उक्त काम को किसी सीनियर से कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि समय पर लोगों के हित के काम होते रहें। 

पत्रकार वार्ता के दौरान मंत्री टीएस सिंहदेव के आधिकारिक दौरे में कद्दावर नेताओं की गैर मौजूदगी और जिले के शीर्ष अफसरों की अनुपस्थिति को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रही। एक ओर जहां संसदीय सचिव व महासमुंद विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर,  खल्लारी विधायक व संसदीय सचिव द्वारिकाधीश यादव, सराईपाली विधायक किस्मत लाल नंद, बीज विकास निगम अध्यक्ष अग्नि चंद्राकर जैसे अनेक वरिष्ठ और कद्दावर नेता नहीं दिखे। वहीं दूसरी ओर जिले के ज्यादातर शीर्ष अफसर सर्किट हाउस में नजर नहीं आए। कलेक्टर-एसपी की गैरमौजूदगी भी चर्चा का विषय रहा। 

उल्लेखनीय है कि बीते दो दिनों से स्वास्थ्य मंत्री के बंगले से जिले के पत्रकारों को ढूंढ-ढूंढकर प्रेसवार्ता के लिए निमंत्रण दिया जा रहा था।
लेकिन जिला प्रशासन अथवा जिला जनसंपर्क विभाग के अलावा कांग्रेसजनों ने मंत्री के प्रेसवार्ता की व्यवस्था की जहमत भी नहीं उठाई। इसे सरकार में गुटीय राजनीति से जोडक़र देखा जा रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 30 मई की सुबह 10 बजे मंत्री प्रेसवार्ता को संबोधित करने वाले थे। कल दोपहर तक उनका प्रोटोकॉल ऐसे ही निर्धारित था। बाद में अचानक 29 मई की शाम 6.30 बजे प्रेसवार्ता होने की सूचना प्रसारित की गई। 
 


अन्य पोस्ट