महासमुन्द

पंजीकृत डाक मिलने के बाद भी शासन को गुमराह किया, भंवरपुर सचिव निलंबित
29-May-2022 4:30 PM
पंजीकृत डाक मिलने के बाद भी शासन को गुमराह किया, भंवरपुर सचिव निलंबित

डाक पावती में हस्ताक्षर लेकिन सूचना आयोग में बताया पंजीकृत डाक नहीं मिला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 मई।
पंजीकृत डाक से मूल सूचना आवेदन पत्र प्राप्त होने के बाद भी सूचना आयोग में मूल आवेदन प्राप्त नहीं होने संबंधी भ्रामक बयान देने, आवेदक को जानकारी उपलब्ध नहीं कराने एवं वरिष्ठ अधिकारियों के नोटिस का जबाब नहीं देने के कारण मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत महासमुंद एस आलोक ने देवधर चौहान तात्कालिक सचिव ग्राम पंचायत भंवरपुर को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में देवधर चौहान का मुख्यालय जनपद पंचायत बसना निर्धारित किया गया है। उक्त अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आरटीआई कार्यकर्ता विनोद कुमार दास ने 26 नवम्बर 2019 को ग्राम पंचायत भंवरपुर में सूचना का अधिकार के तहत दो अलग-अलग आवेदन पत्र पंजीकृत डाक से प्रेषित किया था। समयावधि में सूचना दस्तावेज प्राप्त नहीं होने पर प्रथम अपील प्रस्तुत किया। प्रथम अपील में नियमानुसार सूचना दस्तावेज आवेदक को उपलब्ध कराने का आदेश पारित हुआ। 

प्रथम अपील आदेश के बाबजूद सूचना दस्तावेज प्राप्त नहीं होने पर द्वितीय अपील छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग में 13 जुलाई 2020 को प्रस्तुत किया गया। सूचना आयोग में द्वितीय अपील की सुनवाई के दौरान जनसूचना अधिकारी देवधर चौहान ने बताया कि आवेदक द्वारा प्रेषित पंजीकृत डाक में सूचना आवेदन पत्र की मूलप्रति उन्हें प्राप्त नहीं हुआ है। सूचना आयोग ने जनसूचना अधिकारी के बयान को आधार मानकर ही आवेदक को दस्तावेज अवलोकन करवाकर दस्तावेज उपलब्ध कराने का आदेश दिया। 

जनसूचना अधिकारी ग्राम पंचायत भंवरपुर ने पंजीकृत डाक से मूल सूचना आवेदन पत्र प्राप्त नहीं होने का बयान दिया। जिस पर  आवेदक ने 10 फरवरी 2021 को प्रवर अधीक्षक डाक विभाग रायपुर संभाग रायपुर को शिकायत किया। जिसमें अधीक्षक डाक विभाग ने आवेदक को प्रमाणित जानकारी दिया कि जनसूचना अधिकारी ग्राम पंचायत भंवरपुर को 28 नवम्बर 2019 को भंवरपुर पोस्ट आफिस से पंजीकृत डाक वितरण कर दिया गया है। जिसका डाक पावती रजिस्टर में प्राप्तकर्ता का हस्ताक्षर भी है।  

अधीक्षक डाक विभाग से पंजीकृत डाक वितरण की प्रमाणित पुष्टि होने के उपरान्त आरटीआई कार्यकर्ता विनोद कुमार दास ने अमिताभ जैन मुख्य सचिव छ.ग. शासन, प्रसन्ना आर. सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग और कलेक्टर महासमुंद को लिखित साक्ष्य सहित शिकायत किया। शिकायत पर हुई और उप संचालक (पंचायत) जिला पंचायत ने जांच में शिकायत सही पाया। 

जांच प्रतिवेदन के आधार पर सीईओ जिला पंचायत महासमुंद ने 13 अप्रैल 2022 को देवधर चौहान से जबाब मांगा। देवधर चौहान ने उक्त संबंध में जबाब पत्र प्रस्तुत नहीं किया। लिहाजा सीईओ जिला पंचायत ने देवधर चौहान सचिव ग्राम पंचायत भंवरपुर को पदीय कर्तव्य का निर्वहन उचित ढंग से नहीं करने एवं कर्तव्य के प्रति घोर उदासीनता, लापरवाही, स्वेच्छाचारिता एवं वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना की श्रेणी में माना है। जो छ.ग. पंचायत सेवा (आचरण) नियम 1998 के विपरीत है। इसलिए उक्त कृत्य के लिए निलंबित करने हेतु 05 मई 2022 को आदेश जारी किया गया है।  


अन्य पोस्ट