महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 मई। महासमुंद चोरी का कबाड़ ले जा रहे एक ट्रक को साइबर सेल व पिथौरा थाना की संयुक्त टीम ने 3270 किलो कीमती लगभग 81 हजार 750 रुपए के कबाड़ ले जाते पकड़ा है। पिथौरा थाने में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कबाड़ व परिवहन में प्रयुक्त ट्रक को जब्त कर लिया गया है। पिथौरा थाना प्रभारी गोपाल धुर्वे को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बरतुंगा के पास एक वाहन कबाड़ी समान भर कर जा रहा है। सूचना मिलते ही साइबर व थाने की संयुक्त टीम बरतुंगा चौक के पास पहुंची।
उसी दौरान बागबाहरा तरफ से ट्रक क्रमांक सीजी 08 एल 3803 आ रहा था। टीम ने उसे रोककर चालक से पूछताछ किया। ट्रक चालक बलौदा बाजार पांडेपारा हाल मुकाम ग्राम बरतुंगा अमजद खान के मुर्गी फ ार्म थाना पिथौरा निवासी सुल्तान खान (56) ने ट्रक में रखे सामान के बारे में संतोषप्रद जवाब नहीं दिया। इसके बाद टीम ने ट्रक की तलाशी ली। जिसमें पुरानी साइकिल, लोहे के टुकड़े आदि सामान मिले। चालक से उक्त कबाड़ के संबंध में कागजात पेश करने का कहां तो कागजात पेश नहीं कर पाया। ट्रक में करीब 3270 किलो कबाड़ भरा था। जिसे टीम ने जब्त किया और चोरी का मामला दर्ज किया। इस कार्रवाई में एएसआई कौशल साहू, साइबर सेल प्रभारी संजय राजपूत, आरक्षक शैलेश ठाकुर शामिल थे।
सरायपाली पुलिस ने भी कल ही 285 किलो कबाड़ बरामद किया है। सरायपाली में पदस्थ उप निरीक्षक अनिल पालेश्वर को सूचना मिली कि जावेद अख्तर जयस्तंभ चौक हबीब कबाड़ी दुकान के पास गोदामनुमा जगह में चोरी का कबाड़ रखा है। सूचना पर टीम ने जावेद अख्तर के गोदाम में छापामार कार्रवाई की। वहां लोहे के कबाड़ मिले। टीम ने इस्लाम मोहल्ला वार्ड नंबर 6 सरायपाली निवासी जावेद अख्तर 34 साल से उक्त सामान के संबंध में दस्तावेज मांगे। पेश नहीं करने के बाद सभी कबाड़ को जब्त किया। इसके पास से 285 किलो कीमती 7125 रुपए का कबाड़ जब्त किया गया।