महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 मई। मुख्यालय स्थित जिला कार्यालय परिसर में करीब दो वर्ष पूर्व शुरू की गई गढक़लेवा योजना अब दम तोड़ चुकी है।
गढक़लेवा में छत्तीसगढी व्यंजनों का स्वाद चखने पहुंचने वाले कुछ ग्राहकों को ताला लगा होने से मायूस होकर लौटना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार केंद्र का संचालन पहले दिव्यांग महिला समूह कर रही थी जिन्होंने एक साल पहले से पुरुष दिव्यांग समूह को संचालन के लिए दे दिया। पुरुषों ने भी कुछ दिनों तक इसका संचालन किया और फिर केंद्र में ताला लगा दिया।
जानकारों की मानें तो केंद्र में पिछले छह महीनों से ताला लगा हुआ है। मालूम हो कि गढक़लेवा का शुभारंभ अगस्त 2020 में किया गया था। जिसके संचालन की जिम्मेदारी पंडित दीनदयाल और राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अंतर्गत पंजीकरण दिव्यांग सक्षम महिला स्व सहायता समूह को दिया गया था। शुरुआत में उन्हें अच्छा प्रतिसाद मिला लेकिन कुछ माह बाद खर्च की तुलना में पर्याप्त आमदनी न मिलने से उन्होंने इसके संचालन की जिम्मेदारी पुरुष दिव्यांग संघ को दे दी।
शासन की योजना को जारी रखने की जिम्मेदारी जिस दिव्यांग संघ ने ली थी उन्होंने भी आय की अपेक्षा अधिक खर्च देख संचालन से अपने हाथ खींच लिया और केंद्र में ताला लगा दिया है। सूत्र बताते हैं कि संघ ने केंद्र का संचालन नहीं करने का निर्णय लेते हुए प्रशासनिक अफसरों को चाबी सौंप दी है।
संघ के संचालक संजय परमार ने बताया कि उन्हें इसके संचालन के लिए पूरी तरह से प्रशासनिक सहयोग नहीं मिल पाया जिसकी वजह से उन्हें इसे बंद करना पड़ा। केंद्र में आने वाले ग्राहकों को चीला, फरा, गुलगुला, भजिया, बड़ा, चौसेला के अलावा समोसा, आलूचाप, मिर्ची भजिया, चाय, काफी और खुरमी, ठेठरी, मुठिया, सलौनी आदि मिल रहा था। लेकिन पर्याप्त ग्राहक केंद्र में नहीं पहुंच रहे थे।