महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 मई। पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा ने दुलदुला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारी के साथ पहुंचे संसदीय सचिव और कलेक्टर की निरीक्षण टीम ने नशे में धुत्त होकर आधी रात को डाक्टरों से मारपीट की है। इसके विरोध में खंड चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को लिखे त्यागपत्र का हवाला देते हुए डॉ. विमल चोपड़ा ने कहा है कि पहली बात तो यह है कि आधी रात को संसदीय सचिव और कलेक्टर को निरीक्षण की ऐसी क्या आपात स्थिति समझ में आई कि हाट बाजार ड्यूटी से लौटे डॉक्टर को नींद से जगाकर स्वास्थ्य केंद्र बुलाया गया। दूसरी बात यह कि निरीक्षण टीम में वे कौन लोग शामिल थे, जिन्होंने नशे में चूर होकर एक डॉक्टर से बदतमीजी की और बीच बचाव में आये चिकित्सा अधिकारी के साथ मारपीट की।
डॉ.चोपड़ा ने कहा है कि इस आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता कि निरीक्षण के नाम पर गुंडागर्दी करने वाले लोग कांग्रेस से जुड़े लोग थे और संसदीय सचिव तथा कलेक्टर के संरक्षण में यह गुंडागर्दी की गई है। कांग्रेस की सरकार में आम जनता तो गुंडा संस्कृति की शिकार हो ही रही है। जनता की जान बचाने वाले सरकारी डॉक्टर भी अपने अस्पताल में सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ में गुंडाराज को बढ़ावा देने वाला जंगल राज चला रहे हैं।
डॉ. विमल चोपड़ा ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मांग की है कि संसदीय सचिव को बर्खास्त करने के साथ ही कलेक्टर के विरुद्ध मामला दर्ज कर कार्यवाही करें व पूरे मामले की न्यायिक जांच हो अन्यथा भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ सरकारी गुंडागर्दी के खिलाफ पूरे प्रदेश में आंदोलन करेगा,जिसमें भाजपा के सभी मोर्चा प्रकोष्ठ भागीदारी करेंगे।