महासमुन्द
चार माह में रेप के 22 मामले
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 मई। कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को एक नाबालिग के साथ रेप का मामला दर्ज किया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी भी नाबालिग है।
थाना प्रभारी सिद्धेश्वर प्रताप सिंह ने बताया कि इस मामले में पहले लडक़े ने लडक़ी के साथ बातचीत कर दोस्त बनाया। इसके बाद शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया।
महासमुंद जिले में महिला संबंधी अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। साल 2022 की बात करें तो पिछले चार महीने में ही रेप के 22 मामले सामने आ चुके हैं। इसमें मई महीने के मामले शामिल नहीं है।
इसी तरह इस साल अपहरण के 50 मामले दर्ज किए गए हैं। 2021 में दुष्कर्म के 28, अपहरण के 79 मामले दर्ज हुए थे। इसी तरह 2020 में दुष्कर्म के 91, अपहरण के 46 और छेड़छाड़ के 38 प्रकरण दर्ज किए गए थे।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला का कहना है कि चोरी, लूट जैसे मामलों में लगातार टीम काम कर रही है। पुलिस को इसमें सफलता भी मिल रही है। जिस प्रकार अपराध हो रहा है, ठीक उसी प्रकार अपराधी गिरफ्तार भी किए जा रहे हैं। अपहरण व रेप के मामलों में पुलिस गंभीर है। आरोपियों को गिरफ्तार किया जा रहा है।
सरायपाली बस स्टैंड के पास बुधवार रात एक महिला के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी आशीष वासनिक ने बताया कि छेड़छाड़ व मारपीट की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और आरोपी महलपारा निवासी सुमीत सतपथी को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी 15 दिन पहले ही जेल से छूटकर आया है। इससे पहले भी वही छेड़छाड़ के मामले में जेल भेजा गया था।