महासमुन्द

टोनही प्रताडऩा, बैगा व ग्रामीण के खिलाफ जुर्म दर्ज
20-May-2022 12:30 PM
टोनही प्रताडऩा, बैगा व ग्रामीण के खिलाफ जुर्म दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 मई।
टोनही प्रताडऩा के एक मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने गांव के एक बैगा व एक ग्रामीण के खिलाफ  मामला दर्ज किया है। घटना जिला मुख्यालय से लगे ग्राम बेमचा की है। बताया जा रहा है कि बैगा व ग्रामीण ने प्रार्थी व उनके परिवार को जान से मारकर दफनाने की धमकी दी है। इससे प्रार्थी व उनका परिवार सहम गया है।

पुलिस के अनुसार बेमचा निवासी परसराम सतनामी 17 मई रात आठ बजे अपने घर में खाना खाकर सोया हुआ था। उसी समय उसे ग्रामीण ने बुलाया। जब वह घर के सामने बरगद के पेड़ के पास गया तो वहां पहले से बैगा सहित अन्य लोग मौजूद थे। वहां मौजूद सभी लोगों ने प्रार्थी से जादू-टोना करने की बात को लेकर विवाद करने लगे। साथ ही प्रार्थी के पड़ोसी ध्रुव निषाद व बैगा हरिशचंद्र ने जान से मारने की धमकी देते हुए दफना देने की बात कही।


अन्य पोस्ट