महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 मई। आस्था साहित्य समिति महासमुंद द्वारा गुरुदेव रविन्द्रनाथ टैगोर की 161वीं जयंती के अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर महासमुंद में संवाद-विमर्श कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता साहित्यकार एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती एस. चन्द्रसेन ने की। मुख्य अतिथि के रूप में आनंद तिवारी पौराणिक उपस्थिति थे। कार्यक्रम के दौरान छग राजभाषा आयोग के सचिव डॉ. अनिल भतपहरी ने उपस्थिति दी। उन्होंने कहा कि गुरुदेव रविन्द्रनाथ टैगोर के साहित्य में लोक तत्व का समावेश है। उनके साहित्य में छग की माटी की महक है। वे कबीर के दोहों को भी अपनी कविता में ढालकर बड़ा सम्मान देते हंै। उन्होंने कहा कि गीतांजली ने उन्हें सर्वोत्व सम्मान नोबल दिलाया। उक्त सम्मान से छ.ग. का भी मान बढ़ा है।
साहित्यिकार आनंद तिवारी पौराणक ने कहा कि गीतांजली में भारतीय प्राच्य दर्शन का गहरा प्रभाव है। गुरुदेव विश्व मैत्री, बन्धुत्व व मानवतावाद के प्रबल पक्षधर थे।
उन्होंने कहा कि रविन्द्र संगीत उनकी महान देन है। अध्यक्षीय आसंदी से साहित्यकार एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती एस. चन्द्रसेन ने संवाद विमर्श में हिस्सा लेते हुये उनके शिक्षा दर्शन का शिक्षा व्यवस्था में गहरा प्रभाव पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि गुरुदेव रविन्द्रनाथ टैगोर प्रकृतिवादी होने के साथ आदर्शवादी,समतावादी, देशभक्त व धर्म अनुगामी विचारधारा के प्रतिगामी थे। नारी के सम्मान पर उनका आदर्शवाद व चित्रकारी अतुलनीय है। इस अवसर पर सहायक प्राध्यापक सीमारानी प्रधान ने टैगोर के काव्य के विविध आयाम पर रिसर्च पेपर का पठन किया।
इस अवसर पर डॉ. साधना कसार ने पंक्तियों के माध्यम से उन्हें स्मरण किया-हे विश्व, तुम इस तरह आये, यथा स्वर्णिम विहान। साहित्यकार सुरेन्द्र अग्निहोत्री, टेकारम सेन,कमलेश पाण्डेय, मनोज उपाध्याय, सुजाता विश्वनाथन, महेश राजा ने संवाद विमर्श में हिस्सा लेते हुये कहा कि गुरुदेव एक कुशल संगीतकार, चित्रकार, दार्शनिक व महान साहित्यकार थे। उन्होंने भारत को राष्ट्रगान देकर साहित्य का मान बढ़ाया। लघुकथाकार महेश राजा ने कहा कि वे पद्य के साथ साथ गद्य के महान लेखक थे। विश्वस्तरीय लघु कथाकार थे। सत्र के प्रारंभ में सुरेन्द्र अग्निहोत्री ने भारततीय वंदना व सुजाता विश्वनाथन ने भजन की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का संचालन टेकराम सेन ने किया।