महासमुन्द
महासमुंद, 7 मई। महासमुंद जिले में 18 दिन बार फिर से एक कोरोना का मरीज मिला है। यह मरीज महासमुंद के ही हैं, जिनकी उम्र 62 साल की है। मिली जानकारी के अनुसार मरीज में किसी भी प्रकार का लक्षण नहीं है और वे पूरी तरह से स्वस्थ भी हैं। जिला कोरोना जांच दल अधिकारी डा. छत्रपाल चंद्राकर ने बताया कि मरीज राजधानी एम्स में किडनी का इलाज करा रहे हैं। जहां उन्हें एहतियात के तौर पर कोरोना जांच के लिए कहा गया था। उनकी आरटीपीसीआर रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
मालूम हो कि जिले में अब तक 33031 लोग कोरोना से संक्रमित हुए हैं और 32653 स्वस्थ भी हुए हैं। हालांकि जिले के 377 लोगों की मौत भी कोरोना की वजह से ही हुई है। इससे पहले महासमुंद जिले के पिथौरा से 18 अप्रैल को कोरोना के एक मरीज की पहचान हुई थी, जो 28 अप्रैल को डिस्चार्ज हुआ था। इसके बाद से लगातार जिले में कोरोना की स्थिति शून्य थी। कल शुक्रवार को फिर से एक एक्टिव केस हो गया है। देश की राजधानी दिल्ली में इन दिनों नए वैरिएंट के मरीज मिल रहे हैं। जिसे लेकर महासमुंद स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट पर है। इसके तहत विदेशों से आने वाले लोगों को नए वैरिएंट के तहत कोरोना जांच कराना अनिवार्य है और इन पर विभाग लगातार नजर बनाए हुए हैं।