महासमुन्द

बोनस राशि के बंटवारे को लेकर दो भाईयों में मारपीट
06-May-2022 4:43 PM
बोनस राशि के बंटवारे को लेकर दो भाईयों में मारपीट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 मई।
बसना थाना क्षेत्र में समर्थन मूल्य पर धान विक्रय के बाद प्राप्त बोनस राशि के बंटवारे को लेकर दो भाईयों में मारपीट हो गई। मामले में दोनों ने ही एक-दूसरे के खिलाफ  शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत पर बसना पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ  मामला दर्ज कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार बोईरडीह निवासी देवराज प्रधान ने पुलिस को बताया कि उनका और उनके बड़े भाई पांडु प्रधान ग्राम लोहरीद खार में जमीन है। जिसका बंटवारा हो चुका है। साथ ही ऋण पुस्तिका भी अलग-अलग है। पिछले साल धान बिक्री के बोनस की तीसरी और चौथी किस्त की राशि उनके भाई पांडु प्रधान खाते में आई थी। जिसे मंगलवार सुबह वह मांगने गया। लेकिन पांडु प्रधान ने रुपए नहीं देने की बात कहकर अपने बेटे आकाश प्रधान के साथ मिलकर मारपीट की।

इसी मामले में दूसरे पक्ष से पांडु प्रधान ने पुलिस को बताया कि पिछले साल के धान बिक्री की चौथी किस्त की राशि उनके खाते में आई थी। जिसे बीते सोमवार को वह घर लेकर आया। मंगलवार सुबह उनका भाई देवराज प्रधान अपने हिस्से के बोनस का रुपए मांगने आया। उसने गांव के दो-चार गवाहों के सामने रुपए देने की बात कही। इतने में देवराज प्रधान गुस्से में आकर गाली गलौज कर मारपीट करने लगा। उसी समय उसका साथी प्रकाश प्रधान भी आकर देवराज का रुपए दो कहकर गाली-गलौज कर मारपीट की। दोनों की शिकायत पर पुलिस ने धारा 294, 323, 506, 34 के तहत जुर्म दर्ज कर जांच में लिया है।


अन्य पोस्ट