महासमुन्द

गिरना, परसदा, बेल्डीह, छिंदौली, सुखीपाली समितियों के गांवों में अलर्ट जारी, फिलहाल तेंदूपत्ता तोड़ाई बंद
06-May-2022 2:49 PM
गिरना, परसदा, बेल्डीह, छिंदौली, सुखीपाली समितियों के गांवों में अलर्ट जारी, फिलहाल तेंदूपत्ता तोड़ाई बंद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 मई।
लकड़बघ्घे के हमले से 11 ग्रामीणों के घायल होने के बाद पांच तेंदूपत्ता समितियों में आने वाले गांवों में अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही तेंदूपत्ता तोड़ाई कार्य नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार गिरना, परसदा, बेल्डीह, छिंदौली और सुखीपाली समितियों के अंतर्गत आने वाले गांवों में अलर्ट जारी किया गया है। ग्रामीणों से कहा गया है कि दिन में भी घरों में  सचेत होकर रहें। मालूम हो कि पिथौरा वन परिक्षेत्र के तीन गांवों में कल गुरूवार को लकड़बघ्घे हाइना ने ग्रामीणों पर हमला किया। इस घटना में 11 ग्रामीण घायल हुए हैं। इनमें से एक की हालत गंभीर है, जिसे उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है। बाकियों को प्राथमिक उपचार के बाद कल शाम तक छुट्टी दे दी गई।

पिथौरा वन परिक्षेत्र अधिकारी जयकांत गंडेचा के मुताबिक लकड़बघ्घे का सामना सबसे पहले छिदौंली में तेंदूपत्ता तोडऩे गए 7 ग्रामीणों से हुआ। यहां सुबह 6 बजे के आसपास ग्रामीण तेंदूपत्ता तोड़ रहे थे। तभी लकड़बघ्घे ने ग्रामीणों पर अचानक हमला कर दिया।
इस घटना में किरण पति टेकराम ठाकुर  के दाएं पैर में, कोयल पिता दयाराम यादव के बाएं पैर, मुंह और दायां जांघ, चंदर सिह पिता असाहू बरिहा के बाएं पैर व गर्दन में, जानवी पिता लोकेश ठाकुर के बाएं पैर में, जगेश्वरी पिता जयराम नाई के दाएं जांघ, दोनों हाथ, गले और बाएं जांघ, घासीराम पिता बिसाहू केंवट के बाएं पैर और बोंदूल पिता मुकुंद ठाकुर घायल हुए। इसके बाद लकबघ्घा छिंदौली पहुंचा। यहां भुनेश्वर मुटकिया, हीरालाल, मनबोध बिझंवार व एक अन्य को काटकर घायल कर दिया। लकबघ्घे के हमले से घायल इन ग्रामीणों का पिथौरा अस्पताल में इलाज किया गया।
 


अन्य पोस्ट