महासमुन्द

कुंआरे मरने के बाद बनते है उल्लू, इसलिए बुजुर्ग की मिट्टी की गुडिय़ा से करा दी शादी
04-May-2022 8:52 PM
कुंआरे मरने के बाद बनते है उल्लू, इसलिए बुजुर्ग की मिट्टी की गुडिय़ा से करा दी शादी

समाज कल्याण विभाग की उप संचालक वीडियो काल के जरिए देखती रहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद, 4 मई।
वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों का मानना है कि कुंआरे लोग मरने के बाद उल्लू बनते हैैं, वहीं छत्तीसगढ़ में चलन है कि कुंआरे लोगों को पेड़ अथवा गुडिय़ा से शादी कराई जाती है। शरीर में हल्दी लग जाने के  बाद वह कुंआरे की श्रेणी में नहीं आता। बस इसीलिए रोहिदास को दूल्हा बनना पड़ा। इस पूरे कार्यक्रम को समाज कल्याण विभाग की उप संचालक संगीता सिंह वीडियो काल के जरिए देख रही थीं।      

दलदली रोड महासमुंद स्थित आशियाना वृद्धाश्रम में भी अक्ती पर एक बुजुर्ग की शादी हुई। यहां उनकी दुल्हन मिट्टी की गुडिय़ा थी, हालांकि लोगों को रिझाने के उद्देश्य से वहीं आश्रम में रहने वाले एक सदस्य ने वधु का वेश धारण किया था। दुल्हन को छोडक़र इस शादी में सभी रिवाज सचमुच निभाए गए। बुजुर्गों की देखरेख में लगी भारती साहू कहती हैं कि बुजुर्ग को अपना नाम याद है, रोहिदास। कहां का है, क्यों भटक रहा है, कुछ नहीं मालूम। दो साल पहले लावारिस हालत में इसे कोई आश्रम में छोड़ गया था। तब से यहीं रहता है। आश्रम में रहने वाले लोगों के साथ काफी घुल मिल गया है।

अक्ती पर आश्रम के बुजुर्गों ने गुड्डे-गुडिय़े की शादी करने की मंशा रखी। फिर सभी ने कहा कि रोहिदास कुंआरा हूं कहता है तो उसकी शादी गुडिय़े के साथ करा दी जाए। रोहिदास राजी हो गया। 

भारती के मुताबिक-पहले तो बाजार जाकर हल्दी, तेल, मौरी, कलशा, मंडप के सामान और पर्रा-बिजना खरीद लाई। फिर शादी का कार्ड छपवाकर बांटा गया। बुजुर्गों को सहयोग करने वालों के अलावा समाज कल्याण विभाग को भी निमंत्रण दिया। पास पड़ोस में रहने वालों को साथ लेकर आश्रम में रहने वाले सभी तेलमाटी लेकर आए। मंडप बनी। हल्दी चढ़ी। मायन हुआ। कल शाम छ बजे रोहिदास को मौरी पहनाकर मंडप में बिठाया गया। सभी ने मंगल टीका लगाकर रोहिदास को कुछ पैसे पकड़ाए। इसके बाद उपस्थित सभी लोग शादी के गाने नाचने लगे। 

सामाजिक कार्यकर्ता नुरेन चंद्राकर ने शादी के गीत भी गाए। अंत में सभी लोगों ने आश्रम के बुजुर्गों के साथ भोजन किया। 
 


अन्य पोस्ट