महासमुन्द

तोषगांव में 7-8 मई को अष्टप्रहरी हरिनाम संकीर्तन यज्ञ
04-May-2022 7:42 PM
तोषगांव में 7-8 मई को  अष्टप्रहरी हरिनाम संकीर्तन यज्ञ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
सरायापाली,  4 मई।
विधानसभा सरायपाली के आदर्श एवं गौरव ग्राम पंचायत तोषगांव में श्री शिव निताई गौरमठ मंदिर समिति और समस्त ग्रामवासियों के के जनसहयोग से पूर्व वर्षो की भांति इस वर्ष भी आगामी 7 एवं 8 मई को अष्टप्रहरी हरिनाम संकीर्तन यज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। जहां प्रथम दिवस ग्राम प्रमुख श्री मंदिर पंडित कुल पुरोहित गुड़ी पण्डा पुजारियों द्वारा  वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश यात्रा सर्व देवा - देवी आह्वान घट कलश स्थापना अखण्ड धर्म दीप ज्योति प्रज्ज्वलन श्री जगन्नाथ स्वामी गौर निताई श्री गुरुदेव मंगल आरती  मृदंग खोल ताल झांझ मंजीरा पूजन पश्चात ग्राम्य संकीर्तन मंडली की उपस्थिति में अष्टप्रहरी हरिनाम संकीर्तन मंत्र -जप हरे कृष्ण हरे राम। भज निताई गौर राधेश्याम  का नामोच्चारण होगा तथा द्वितीय दिवस हरिनाम संकीर्तन यज्ञ हवन विश्व कल्याण शांति कामना पूर्णाहुति एवं दधीभांजन नामयज्ञ समापन सम्पन्न होगा। 

इस वर्ष तोषगांव के अष्टप्रहरी अनुष्ठान आयोजन के विशेष आकर्षण का केन्द्र छत्तीसगढ़ और ओडिशा के नामी संकीर्तन मंडलियां जिनमें खरमुण्डा, लहण्डा, निशानभंगा, कोइलिंगा, लिप्ती, कणपाली, ढोढरकसा, मनकी सहित आयोजक ग्राम तोषगांव के चार संकीर्तन मंडलियां अपनी भक्तिमय बैठकी गायन वादन कला भजनांजली प्रस्तुति का सांस्कृतिक छटा बिखेरेंगी। 

दोनों दिवसों में भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी गौर निताई जी की मंगल आरती पूजा आराधना, भोग प्रसाद समर्पण, पश्चात समस्त श्रद्धालु भक्त वत्सल दर्शक एवं आम जनों के लिए अभड़ा हरिपंगत लंगर में महाप्रसाद वितरण किया जाएगा। 

विगत दो वर्षों तक वैश्विक महामारी कोरोनावायरस संक्रमण के कारणों से शासन प्रशासन के आदेश लाकडाऊन होने पर सभी प्रकार के धार्मिक सामूहिक अनुष्ठान आयोजन प्रतिबंधित रहा जिससे धार्मिक आस्था दायरे में सीमित हो गया था। इस वर्ष के हरिनाम संकीर्तन यज्ञ आयोजन को लेकर मंदिर समिति के सदस्यों एवं समस्त ग्रामवासियों में उत्साह देखा जा रहा है। मंदिर समिति के कार्ययोजना प्रभार दायित्व अनुरूप ग्राम के युवा वर्ग ब्रज गोपाल वृंदावन बरसाणा धाम नवद्वीप नादिया नगर कृष्ण नगर जैसे जगह-जगह स्वागतद्वार वंदनवार निर्माण, भीषण गर्मी में ठंडे पेयजल की सुव्यवस्था,  प्रकाश विद्युत आपूर्ति आदि के लिए युद्ध स्तर पर जुटे हुए हैं। उक्त जानकारी राजेन्द्र सिंह सिदार ने दिया।
 


अन्य पोस्ट