महासमुन्द
अप्रैल में ओपीडी में 1 हजार से अधिक मरीज आए, इनमें से आठ सौ से अधिक लू की चपेट में थे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 मई। महासमुंद जिले में प्रदेश के अन्य जिलों से ज्यादा गर्मी पड़ रही है। जिले के प्रस्तावित मेडिकल कालेज स्थित अस्पताल में पिछले माह अप्रैल में ओपीडी में 1 हजार से अधिक मरीज आए। जिनमें से आठ सौ से अधिक लू के संभावित चपेट में थे। जिसे देखते हुए जिला प्रशासन ने लू से बचने के लिए जिले में अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित करते हुए मरीजों के लिए अस्पताल में सभी तरह की व्यवस्थाएं पूरा करने कहा है। जिसमें वार्ड में पर्याप्त मात्रा में कूलर रखे गए हैं। इसके साथ ही विद्युत विभाग को पावर कट नहीं करने के निर्देश दिए हैं, गर्मी में बिजली की खपत बढ़ गई है। जिन स्थानों पर ट्रांसफार्मर में दिक्कतें है उन्हें तत्काल बदलने के लिए निर्देशित किया है। यहां इस बार तापमान लगभग 46 डिग्री तक पहुंच चुका है। इसका असर सडक़ों पर साफ दिखने लगा है। दोपहर के पहले ही सडक़ें सूनी हो रहीं हैं। शाम चार बजे के बाद ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं।