महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 4 मई। क्षेत्र के उभरते छत्तीसगढ़ी गायक चुम्मन साहू ने न्यूयार्क अमेरिका में निवासरत विभाश्री साहू द्वारा पद्म विभूषण तीजन बाई की जीवनी पर रचित एक गीत को स्वर दिया है। ज्ञात हो कि गीत की रचनाकार विभाश्री विगत 15 वर्षों से न्यूयार्क में निवास करती है। इसके बावजूद अपनी मातृभूमि से लगाव के चलते समय समय पर वे छत्तीसगढ़ी रचना लिखती रहती है।
विभाश्री छत्तीसगढ़ के जांजगीर की
विभाश्री साहू मूलत: छत्तीसगढ़ के जांजगीर चाम्पा जिले के ग्राम हरदी की मूल निवासी हैं। उनके अपनी मिट्टी के प्रति प्रेम के बारे में पता चलते ही उनसे किसी तरह सम्पर्क कर चर्चा की गई। चर्चा में साहू का कहना है कि यद्यपि वो पिछले कई वर्षों से अमेरिका में निवासरत हैं किंतु उनका लगाव अभी भी अपनी मातृभूमि छत्तीसगढ़ से है।
छत्तीसगढ़ की याद में श्रीमती साहू ने कई छत्तीसगढ़ी गीतों की रचना की है। वे तीजन बाई जी को अपना आदर्श मानती हैं। उनका मानना है कि तीजन जी पर भगवान श्री कृष्ण की विशेष कृपा रही है, यही कारण है कि तीजन जी ने देश विदेश में महाभारत का गान (पंडवानी गान) कर नाम और प्रसिद्धि प्राप्त की है। विभाश्री का कहना है कि तीजन बाई केवल एक है, इस युग में कोई दूसरा तीजन बाई नहीं हो सकता।
गीत को स्वर चुमन्न ने दिया
न्यूयार्क अमेरिका निवासी विभाश्री साहू ने इस बार तीजन बाई जी के जीवनी पर एक गीत लिखा है। इस गीत में स्वर देने के लिए महासमुंद निवासी चुमन साहू का चयन किया गया। गीत को संगीत रायपुर के परवेज खान ने दिया जो कि करिश्मा स्टूडियो रायपुर ने रिकॉर्ड किया गया। चुम्मन साहू महासंमुन्द जिला पंचायत के पूर्व सदस्य गोविंद साहू के पुत्र है। चुम्मन अपनी सुरीली आवाज से छत्तीसगढ़ में चर्चा में बने हुए है।
दोस्त ने विभाश्री से कराया परिचय
तीजन बाई की जीवनी पर आधारित गीत को स्वर देने वाले स्थानीय गायक चुम्मन साहू ने इस प्रतिनिधि को बताया कि उनका एक गायक मित्र बिलासपुर निवासी संदीप जोहले ने उन्हें उक्त गीत गाने के लिए प्रस्ताव रखा था और रचनाकार विभाश्री से बात करने कहा था।इस पर उसने न्यूयार्क में सीधे विभाश्री से बात की। इसके बाद उन्होंने अपनी रचना मुझे भेजी जिसे रायपुर के संगीतकार परवेज खान के स्टूडियो में बना कर विभाश्री को भेजा गया। उन्हें आवाज पसंद आई इसके बाद इस रचना को आम लोगो के लिए यूट्यूब में डाल दिया गया।
रिलीज होते ही देश विदेश में धूम
तीजन जी के जीवनी पर लिखा गया यह गीत तीजन बाई जी के जन्म दिवस ( 24 अप्रैल) को चुमन साहू के यूट्यूब चैनल पर रिलीज़ किया गया है।
इस गीत के बोल—
महाभारत के गाथा ल,
जम्मो जग म तै बगराए
एति ओती आऊ चारो कोती
तोर नाम ह जगमाए।
तोर तीजन नाम धराए वो दीदी।
तोर तीजन नाम धराए।
तीजन बाई पर लिखे इस गीत को छत्तीसगढ़, सहित देश के अनेक प्रदेशों के साथ अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, यूरोप तथा कतर जैसे देशों में निवासरत भारतीयों द्वारा भी काफी सराहा तथा पसंद किया जा रहा है।
