महासमुन्द

महानदी टापू से निकलकर दोनों दंतैल बडग़ांव होते हुए खड़सा में
03-May-2022 5:55 PM
महानदी टापू से निकलकर दोनों दंतैल बडग़ांव होते हुए खड़सा में

वन विभाग की टीम संभावित मूवमेंट पर नजर रख रही

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 3 मई। महानदी के टापू से निकलकर दो दंतैल बडग़ांव होते हुए ग्राम खड़सा पहुंच गए हैं। कल सोमवार की शाम तक इनकी लोकेशन खड़सा में ही देखी गई। वन विभाग की टीम हाथियों के संभावित मूवमेंट को देखते हुए नजर जमाए हुई हैं। साथ ही हाथी गश्ती दल को भी अलर्ट मोड में रखा गया है। वनविभाग से मिली जानकारी के अनुसार दो दंतैल हाथी ग्राम खड़सा के आसपास के वन क्षेत्र में विचरण कर रहा है। ऐसे में वन विभाग ने आमजनों से अपील की है कि वन क्षेत्र से गुजरने वाले रास्तों से आवागमन ना करें। साथ ही रात्रि में एवं सुबह के समय घर से बाहर न निकलें और जंगल में न जाएं।

इसके साथ ही वन विभाग ने ग्रामीणों से ये भी अपील की है कि हाथी देखे जाने पर वन विभाग को जरूर सूचित करें। हाथियों के संभावित मूवमेंट को देखते हुए वन विभाग ने ग्राम खड़सा, मोहकम, सेनकपाट, लहंगर, फुसेरा में अलर्ट जारी किया है। 25 अप्रैल को रायतुम निवासी दयाराम पुत्र बुड़ान रवान वन परिक्षेत्र के कक्ष क्रमांक 185 में तार फेंसिंग का काम करने जा रहा था कि दंतैल ने उस पर हमला कर दिया था। वहीं उसके साथियों ने भागकर जान बचाई थी।


अन्य पोस्ट