महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 मई। इस्लाम धर्म का पवित्र माह रमजान के तीस दिन पूरे होने के बाद आज 3 मई को शांति पूर्वक ईद.उल.फित्र का पर्व मनाया जा रहा है। ईद को लेकर लोगों में काफी उत्साह है। शहर की मस्जिदों को ईद के लिए लिए रंगीन लाइटों से सजाया गया है।
महासमुंद शहर में ईद की नमाज तीन जगहों पर अता की गई। शहर में सबसे पहले रजा मस्जिद स्टेशन पारा में सुबह 8.30 बजे इमाम हजरत मौलाना यूसुफ रजा द्वारा अता कराई गई। वहीं सुबह 9 बजे तुमगांव रोड स्थित ईदगाह में नमाज हुआ। यहां काजी ए शहर हजरत मुफ्ती आफताब आलम रहमती साहब खातिबे इमाम जामा मस्जिद ने नमाज अता कराई। इसके बाद अंतिम नमाज नयापारा गौसिया मस्जिद में सुबह 10.30 बजे अता की गई, जहां इमामत हाफिज रईस चांगल नेनमाज अता कराई।
उक्त जानकारी मुस्लिम समाज के सहसचिव जमशेद रजा ने दी है। उन्होंने बताया कि रमजान की 29 तारीख को ईद के चांद की तस्दीक को लेकर देर रात तक ऊहापोह की स्थिति बनी रही। कुछ जगहों पर चांद देखे जाने के दावे किए गए। उन जगहों पर उलमा.ए.कराम पहुंचे। लेकिन तस्दीक नहीं हो पाई। वहीं देश के बाकी के हिस्सों में भी कहीं चांद की तस्दीक नहीं हो पाई। ऐसे में उम्मत.ए.मुस्लिमा ने कल सोमवार को 30वां रोजा पूरा किया। आज शहर के तमाम मुस्लिमों ने शहर, जिले, प्रदेश के साथ-सात देश भर में शांति अमन की दुआएं मांगी।