महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 मई। मनुष्य अपने अंत:करण में भगवान के लीलाओं का समावेश कर ले तो उसे अपने हृदय में भगवान का वास दिखाई देने लगेगा। अंत:करण में जब भगवान का वास हो जाए तो लोभ, माया, मोह मत्सर जैसे विकारों का जन्म मन में नहीं होता। इसलिए प्रभु की लीलाओं को अपने अंत:करण में स्थान दो। स्थानीय स्टेशन रोड में चल रही श्रीमद भागवत ज्ञान सप्ताह में पं. कोमल प्रसाद पांडेय ने श्रीकृष्ण के बाल लीलाओं का बखान करते हुए कहा कि उन्होंने नामकरण के पहले ही पुतना, शकटाशूर, तृणावर्त जैसे दैत्यों का वध किया। जब गोकुलवासियों ने पुतना के विशाल शरीर को तुकड़ों में काटकर जलाया तो उससे चंदन, कपूर की खुशबू आ रही थी। शरीर का मांस जब जलता है तो दुर्गंध आता है। पुतना के जलने पर ऐसा नहीं हुआ बल्कि खुशबू फैलने लगी। भगवान ने स्तनपान किया था इसलिए उसे मां के रूप में स्थान प्राप्त हुआ।
उन्होंने कहा कि दैत्यों के संहार की खबर जब कैलाश में भगवान भोलेनाथ को लगी तो वे भी दर्शन करने नंदबाबा के घर आ गए।
लेकिन जटाधारी, अंगों पर सर्प और कान में बिच्छू देख माता यशोदा ने लल्ला के दर्शन कराने से मना कर दिया। इस पर भगवान भोलेनाथ गोकुल की गलियों में भ्रमण करने लगे और अंतरमन से प्रभु को दर्शन देने की प्रार्थना करने लगे। फिर क्या था भगवान रोने लग गए। इस पर माता यशोदा ने गलियों में घूम रहे महात्मा को बुलावा भेजा। भोलेनाथ के गोद में आते ही वे चुप हो गए। श्रीहरि विष्णु के बालस्वरूप और कैलाशवासी भोलेनाथ के लीलाओं को देखकर देवता आकाश मार्ग से फूल बरसाने लगे।
इसके पूर्वदिवस भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से कथा पंडाल में मनाया गया। जन्म के बाद मथुरा से गोकुल आगमन की झांकी भक्ति संगीत के बीच कथा पंडाल में जब भगवान का आगमन हुआ तो उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमने लगे। जजमान अरुणा शुक्ला, अचला चंद्रशेखर शुक्ला के साथ ही तारा चंद्राकर, उषा शर्मा, निरंजना शर्मा आदि ने दर्शनलाभ लेकर पूजन विधि पूर्ण की।