महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 मई। कोरोना से जंग जीतने के लिए शुरू किए गए टीकाकरण अभियान का जिले में बहुत बुरा हाल है। 18 प्लस के लिए निर्धारित लक्ष्य से अधिक ने वैक्सीनेशन कराया है। लेकिन 15 से 17 और 12 से 14 वर्ष के लिए निर्धारित लक्ष्य आज भी पूरा नहीं हुआ है। लक्ष्य पूरा करने के लिए अब स्वास्थ्य विभाग की टीम घरों में पहुंचने की तैयारी कर रही है। 60 प्लस और हेल्थ व फ्रंटलाइन वर्करों को लगाए जा रहे प्रोटेक्शन डोज के मामले में भी स्थिति चिंताजनक है। प्रोटेक्शन डोज के लिए निर्धारित एक लाख 18 हजार 381 लोगों में से मात्र 30542 लोगों ने ही डोज लगवाई है जो निर्धारित लक्ष्य का 25.80 फीसद है।
गौरतलब है कि 16 जनवरी 2021 से कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए देशभर में प्रथम चरण में वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत की गई है। जिसमें शिशुओं को छोडकर सभी वर्ग को सुरक्षित करने के लिए छठवां चरण जारी है। इसमें पहला व दूसरे चरण और चौथे चरण के लिए निर्धारित लक्ष्य से अधिक लोगों ने वैक्सीनेशन कराया है लेकिन शेष तीन चरण के लिए निर्धारित लक्ष्य में दूसरे डोज की बात तो दूर पहला डोज ही हितग्राहियों को नहीं लग पाया है।
जिला टीकाकरण सलाहकार डा. मुकुंद राव ने बताया कि किशोर और बच्चों के लिए निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने के लिए जिलेभर में स्वास्थ्य कर्मियों की टीम बनाई जा रही है जो घरों में वैक्सीन लगाने के लिए पहुंचेगी। जिले में करीब 222 सब सेंटर है जिसके हिसाब से दो सौ मोबाइल टीम वैक्सीन लगाने के लिए बनाई गई है। उन्होंने बताया कि 15 से 17 के किशोरों का वैक्सीनेशन अभियान तीन जनवरी से और 12 से 14 वर्ष तक के बच्चों का मार्च में होली के पूर्व शुरू हुआ है।
अभियान के बाद त्यौहार और वार्षिक परीक्षाएं शुरू हो गई जिसके चलते वैक्सीन लग नहीं पाया और गर्मी अधिक होने की वजह से स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश दे दिया गया है। इससे वैक्सीनेशन प्रभावित हुआ है।