महासमुन्द
फरार आरोपी जंगल से पकड़ाया
दो घटना के दिन कुछ देर में ही पकड़े जा चुके है
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 अप्रैल। सरायपाली थाने के छिबर्रा में विवाह समारोह के दौरान नाचने-गाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई है। फरार एक आरोपी को आज गिरफ्तार किया गया, वहीं इसी मामले में 2 आरोपियों की कल ही गिरफ्तारी की जा चुकी है।
पुलिस के मुताबिक लमकेनी निवासी आशीष साहू की बारात शुक्रवार की दोपहर सरायपाली के छिबर्रा पहुंची। जहां विवाह समारोह में बाराती आये सभी लोग नाच गा रहे थे। इसी दौरान गांव के तीन युवकों का विवाद बारात में आये युवक राजकुमार सिदार के साथ हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई और तीन युवकों ने राजकुमार सिदार पर क्रिकेट बैट, लाठी, डंडे से हमला कर दिया। जिससे राजकुमार के सिर पर गंभीर चोटें आई। अधिक खून बहने से राजकुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
तीनों आरोपियों की पहचान होने पर सरायपाली थाना प्रभारी आशीष वासनिक ने तत्काल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने शनिवार को छिबर्रा जंगल से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए दो आरोपी हरिश प्रधान(34), जितेंद्र प्रधान (30) निवासी छिबर्रा एवं फरार आरोपी अपेश जाल (30) निवासी छिबर्रा ने अपराध करना स्वीकार किया है। जिले आज न्यायालय में पेश किया जाएगा।