महासमुन्द
डॉ. आदित्य कुमार शुक्ला की स्मृति में भागवत कथा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 अप्रैल। जग कल्याण के लिए जब भगवान भोलेनाथ कालकूट हलाहल कंठ में धारण किए और नीलकंठ कहलाए। इससे भगवान नीलकंठ की महिमा बढ़ गई। जब किसी के परिवार, घर में कोई रोगदोष बाहरी हवा का प्रकोप हो या कोई स्वजन बीमार पड़ जाए तो इस स्थिति में भगवान नीलकंठ को ध्यान करना चाहिए। एक पात्र में गंगाजल लेकर बीच की उंगली गंगाजल में रखकर श्री नीलकंठेश्वराय नम: का जाप करने से भगवान नीलकंठ रोग दोष दूर करते हैं। स्थानीय स्टेशन रोड में स्थित शुक्ला भवन में कंचन शुक्ला व डा. आदित्य कुमार शुक्ला की स्मृति में चल रही भागवत कथा के व्यासपीठ से बेमेतरा वाले पं.कोमल प्रसाद पांडेय ने कल समुद्र मंथन कथा का बखान करते हुए भगवान के कच्छप और विश्व मोहनी अवतार की कथा का विस्तार से वर्णन के दौरान यह कथा कही।
कथा श्रवण करने विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर, दिलीप चंद्राकर, साहित्यकार ईश्वर शर्मा,पूर्व पत्रकार जसराज जैन समेत अन्य जिलों से भी जनप्रतिनिधि पहुंचे थे। पांडेय ने उपस्थित श्रद्धालुओं से कहा कि जब समुद्र मंथन की बारी आई तो मंदराचल पर्वत को मथानी बनाया गया और वासुकीनाग को मथने के लिए रस्सी।
समुद्र मंथन में सबसे पहले जहर निकला। जहर का प्रकोप बढ़ा तो देव-दानव भागते हुए भगवान विष्णु के पास पहुंचे और कालकूट हलाहल निकलने की जानकारी देते हुए रक्षा करने कहा। इस पर भगवान विष्णु दोनों दलों को लेकर भगवान शंकर के पास गए और समुद्र मंथन में निकले विष की जानकारी दी। भगवान शंकर ने माता पार्वती से सहमति लेकर हलाहल पीना शुरू किया। लेकिन उन्होंने जहर कंठ से नीचे उतरने नहीं दी। विष के प्रभाव से उनका कंठ नीला पड़ गया और वे नीलकंठ कहलाए।