महासमुन्द
महासमुंद, 29 अप्रैल। जिले के पांच स्वामी आत्मानंद सरकारी अंग्रेजी मीडियम स्कूल में प्रवेश के लिए अब आवेदन करने को दो दिन शेष है। इसके बाद आवेदन पत्रों की छंटनी के पश्चात प्रवेश के लिए लॉटरी निकाली जाएगी। ऑनलाइन आवेदन के साथ ही स्कूलों में हार्डकॉपी जमा कराई जा रही है।
आवेदनों की संख्या ने पालकों चिंता भी बढ़ा दी है। इस बार पहली से 12 तक की कक्षाओं में 10-10 सीटों की संख्या बढ़ गई है। इसके कारण उक्त रिक्त सीटों के लिए भी आवेदन प्राप्त हो रहे हैं। जानकारी मिली है कि कक्षा पहली में प्रवेश के लिए 50 सीट के एवज में 200 से 600 तक आवेदन प्राप्त हुए हैं।
डीईओ सौरिन चंद्रसेन का कहना है कि ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों के स्क्रूटनी के बाद लॉटरी निकाली जाएगी। क्योंकि निर्धारित सीटों के एवज में अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिन कक्षा के लिए कम आवेदन आए हैं, वहां लॉटरी नहीं निकाली जाएगी। सीटों से अधिक आवेदन होने पर ही लाटरी निकलेगी। प्राप्त आवेदनों के आधार पर शिक्षक स्क्रूूटनी करेंगे। इसके बाद पात्र व अपात्र की सूची जारी होगी। पात्र आवेदनों की संख्या निर्धारित सीट से अधिक होगी तभी लॉटरी निकाली जाएगी। यदि कम होगी तो पात्र बच्चों को सीधे प्रवेश दिया जाएगा।