महासमुन्द

जिले के लगभग 18 सौ रिक्त पदों पर पदोन्नति रुकी, टीचर्स एसोसिएशन नाराज
28-Apr-2022 4:09 PM
जिले के लगभग 18 सौ रिक्त पदों पर पदोन्नति रुकी, टीचर्स एसोसिएशन नाराज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 अप्रैल।
छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष नारायण चौधरी ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री के निर्णय के बाद भी जिले के लगभग 18 सौ रिक्त पदों पर पदोन्नति रुकी है। इससे अर्हताधारी शिक्षकों में भारी आक्रोश है।

प्रदेशाध्यक्ष संजय शर्मा, प्रदेश संयोजक सुधीर प्रधान, शोभासिंह देव, पूर्णानंद मिश्रा, केशव राम साहू, अर्चना तिवारी, ब्लाक अध्यक्ष राजेश साहू, विनोद यादव, महेंद्र चौधरी आदि ने कहा है कि शिक्षा विभाग की सबसे बड़ी पदोन्नति के लिए विभाग ने ठीक तरह से कोई भी तैयारी नहीं की। 46 हजार पदोन्नति के लिए संचालक द्वारा आज तक किसी भी प्रकार का पदोन्नति के लिए नियम निर्देश जारी नहीं किया गया। जिसके कारण जेडी व डीईओ ने नियमों की अलग अलग व्याख्या की व मनमर्जी कर वरिष्ठता सूची बनाई। जिसके चलते पदोन्नति की प्रक्रिया में रुकावट डालते हुए मुख्यमंत्री की मंशा पर पानी फेर दिया।

एसोसिएशन ने कहा है कि मुख्यमंत्री ने गत 22 नवम्बर 2021 को वन टाइम रिलेक्सेशन की घोषणा कर पांच वर्ष की अवधि को घटाकर तीन वर्ष करते हुए सहायक शिक्षकों में पदोन्नति की आशा का संचार किया था लेकिन लगभग छह माह बीत जाने पर भी अधिकारियों की सुस्ती ने सहायक शिक्षकों की पदोन्नति पर ग्रहण लगा दिया है। मुख्यमंत्री द्वारा केबिनेट में लिए गए निर्णय का समुचित क्रियान्वयन विभाग द्वारा नहीं कराया जा सका है, जो अत्यंत पीड़ादायक है।
 


अन्य पोस्ट