महासमुन्द
मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर
महासमुंद, 27अप्रैल। बसना जनपद पंचायत परिसर में मनरेगा कर्मी और रोजगार सहायक अपनी दो सूत्रीय मांग को लेकर 22वें दिन अनिश्चितकालीन हड़ताल पर डटे रहे। मनरेगा कर्मियों को अब तक शिक्षक संघ, सहकारी संघ, सरपंच संघ, सचिव संघ सहित भाजपा नेताओं जिला पंचायत सदस्य वृन्दावती सोमनाथ पांडे का समर्थन मिला चुका है।
सभी ने मनरेगा कर्मियों की मांगों का समर्थन करते हुये प्रदेश सरकार को जल्द पूरा करने का आव्हान किया है। रोजगार सहायक शशिकांत साव ने कहा कि राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना में मजदूरों काम से लेकर सभी चीजों की गारंटी है लेकिन जमीनी स्तर योजना का क्रियान्वयन करने वाले अधिकारी और कर्मचारियों की नौकरी की गारंटी नहीं है, कब क्या हो जाए पता नहीं।
उनका कहना है कि चुनावी घोषणा पत्र में मनरेगा अधिकारी-कर्मचारियों को नियमितीकरण करने का वादा किया गया था, लेकिन सरकार की तरफ से किया गया, वादा आज तक पूरा नहीं हो पाया है।
जब तक मांग पूरा नही हो जाता, अनिश्चतकालीन हड़ताल जारी रहेगा।
मालूम हो कि हड़ताल के कारण पिछले 22 दिनों से मनरेगा में काम करने वाले क्षेत्र के 26 हजार श्रमिक बेरोजगार हो गए हैं।