महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 26 अप्रैल। नगर में कलार समाज द्वारा परिवार मिलन समारोह सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में सभी दलों के स्वजातीय एवम अन्य नेता जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। संसदीय सचिव द्वारिकाधीश यादव मुख्य अतिथि थे।
समारोह के मुख्य अतिथि द्वारिकाधीश यादव ने अपने संबोधन में कहा कि कलार ने अपनी संगठन क्षमता के दम पर अपना हक सभी क्षेत्रों में हासिल किया और इस दिशा में समाज का प्रयास सराहनीय रहा है। उन्होंने पिछड़ा वर्ग में शामिल सभी समाजों को एकजुट होने का आह्वान किया। समारोह को संबोधित करते हुए बालोद की विधायक संगीता सिन्हा ने समाज के पदाधिकारियों का ध्यान कुरीतियों को समाप्त करने की दिशा में खींचा। समारोह के विशेष अतिथि चंद्रशेखर शुक्ला ने विश्वास दिलाया कि कलार परिवारों के सम्मान में राज्य सरकार की मंशा मूर्तरूप ले रही है, इसी का परिणाम है कि अब राज्य स्थापना दिवस पर हर साल माता बहादुर कलारिन के नाम से राज्य अलंकरण प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा कार्यक्रम को समाज के अध्यक्ष ईश्वर सिन्हा, समाज के प्रदेश अध्यक्ष दीपक सिन्हा, संयोजक नीरज गजेंद्र, संरक्षक भोजराम डड़सेना, निरंजन सिन्हा, छुरिया नगर पंचायत की अध्यक्ष राजकुमारी सिन्हा, डा किशोर सिन्हा ने भी संबोधित किया। पिथौरा के मंडलेश्वर पुनीत सिन्हा ने स्वागत भाषण देते हुए कौडिया और महासमुंद जिले में चल रहे सामाजिक क्रियाकलाप को बताया।
इधर अतिथौयो द्वारा समाजिक भवनों के लिए अनुदानों की घोषणा की।इसमें विधायक द्वारिकाधीश यादव ने बुंदेली और जिला पंचायत अध्यक्ष उषा पटेल ने सरकड़ा में सामाजिक भवन निर्माण के लिए पांच-पांच लाख रुपए स्वीकृत करने की घोषणा की।
कार्यक्रम के दौरान कलार समाज ने समारोह में दो जोड़ों का सामाजिक रीति-नीति के साथ आदर्श विवाह कराया। समाज के मंडलेश्वर शिवप्रसाद डड़सेना बसना और पुनीत सिन्हा पिथौरा ने दोनों जोड़ों को आदर्श विवाह के लिए प्रेरित किया। जिला और प्रदेश इकाई ने दोनों जोड़ों को अनुदान प्रदान किया।