महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 अप्रैल। बहुप्रतीक्षित महासमुंद तुमगांव रोड के रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण कार्य अंतिम स्तर पर पहुंच चुका है। कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने ब्रिज जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। इसमें आम जनता का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। हाल ही में महासमुंद प्रवास पर आए गृह एवं प्रभारी मंत्री ताम्रध्वज साहू ने भी इस काम को पूरा करने निर्देशित किया था। वर्तमान में ओवर ब्रिज के निर्माण में आने वाली सभी बाधाओं को पिछले हफ्ते ही दूर कर लिया गया है। सेतु निर्माण विभाग द्वारा तीव्र गति से निर्माण कार्य किया जा रहा है। संसदीय सचिव एवं विधायक विनोद चंद्राकर ने इस कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण करने कहा है।
एसडीएम भागवत जायसवाल ने बताया कि कुछ प्रकरण काफी लंबे समय से कुछ पारिवारिक एवं वित्तीय विवाद के कारण लंबित थे। उपरोक्त में उभय पक्षों को सुनवाई करते हुए उनकी आर्थिक हितों को और शासन के नियमों को ध्यान में रखते हुए आपसी सहमति नियमो के तहत शीघ्र निपटान करते हुए भू अर्जन की राशि जारी की जा चुकी है। रेलवे सेतु के बन जाने से शहरवासियों को लगातार लगने वाले ट्रेफिक जाम व आने जाने में होने वाली दिक्कतों से छुटकारा मिल जाएगा।
रेलवे ओवर ब्रिज का तुमगांव की ओर और महासमुंद की ओर तक का काम लगभग पूरा हो गया है। रेलवे ओवरब्रिज में गर्डर डालकर स्लैब निर्माण का कार्य पूरा हो गया है। तुमगांव की ओर वाला गर्डर स्लैब का निर्माण भी पूर्ण हो चुका है। इसी तरह महासमुंद शहर की ओर रिटर्निंग वॉल का निर्माण कार्य किया जा रहा है।
कलेक्टर ने रेलवे ओवरब्रिज की अंतिम दौर की सभी प्रक्रियाओं को तय नियमानुसार निराकरण करने के निर्देश दिए है ताकि जल्द से जल्द जिले की जनता ख़ासकर तुमगांव की ओर से और महासमुंद की ओर से रोड से आने जाने वाले लोगों को सरल, सुगम मार्ग मिले। वर्तमान में रेलवे फाटक बंद के कारण जाम की स्थित बन जाती है। रेलवे ओवरब्रिज बन जाने से उन्हें इससे निजात मिलेगी और समय की भी बचत होगी।