महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 अप्रैल। महासमुंद जिला प्रशासन की अनुमति के बिना अब जिले में सभा, जुलूस, रैली व धरना-प्रदर्शन नहीं हो सकेंगे। प्रदर्शन से एक या दो दिन पहले जिलाधिकारी, सिटी मजिस्ट्रेट व संबंधित तहसील के एसडीएम कार्यालय में आवेदन करना होगा। यदि बिना अनुमति के किसी निजी, सार्वजनिक, धार्मिक या राजनीतिक संस्थाओं प्रदर्शन किया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। अनुमति प्राप्त करने के बाद आयोजन के स्वरूप में परिवर्तन किया तो भी कार्रवाई होगी।
कलेक्टर व जिला दंडाधिकारी निलेश कुमार क्षीरसागर कहा है कि सार्वजनिक व्यवस्था व कानून व्यवस्था और शांति बनाए रखने की दृष्टिगत जिला प्रशासन की विधिवत अनुमति प्राप्त करने की परिपाटी दोबारा सख्ती से लागू की जा रही है।
इससे जिला प्रशासन को रूट परिवर्तन, आम नागरिकों के आवागमन, बाजार व्यवस्था व सुरक्षा के उपाय करने के साथ ही सुचारु रूप से प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने में पर्याप्त समय मिल सकेगा। कलेक्टर ने बताया कि विभिन्न संस्थाओं व संगठनों को निर्धारित प्रपत्र में आवेदन करना होगा।
इसके बाद प्रशासन द्वारा अनुमति देने व नहीं देने के निर्णय से संबंधित को सूचित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी को लोकतांत्रिक तरीके से धरना-प्रदर्शन करने का अधिकार है, लेकिन कुछ लोग इनकी आड़ में सरकारी संपत्तियों नुकसान पहुंचाते हैं। इससे आम जनता को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।