महासमुन्द

पांच बार चयनित, लेकिन नियुक्ति नहीं, आवेदक खुदकुशी की तैयारी के साथ पहुंचे कलेक्टोरेट
25-Apr-2022 1:43 PM
पांच बार चयनित, लेकिन नियुक्ति नहीं, आवेदक खुदकुशी की तैयारी के साथ पहुंचे कलेक्टोरेट

आरोप- अफसर-विधायक कर रहे हस्तक्षेप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 अप्रैल।
नियुक्ति मामले में देरी को लेकर आवेदकों ने सोमवार की दोपहर कलेक्टोरेट परिसर का घेराव किया है। इनमें से एक आवेदक ब्रजेश पति खुदकुशी की तैयारी के साथ आवेदन लेकर यहां उपस्थित है। उनका कहना है कि जब उन्होंने फार्म भरा था, तब संविदा में सीधी नियुक्ति की रूपरेखा थी। लेकिन उनका आरोप है कि प्रशासनिक अधिकारी और विधायक के हस्तक्षेप के कारण उन्हें घुमाया जा रहा है। पांच बार उनके सलेक्शन का पर्चा चस्पा कर नियुक्ति नहीं की गई। अब कहा जा रहा है कि यह भर्ती तभी होगी जब आवेदकों की लिखित परीक्षा होगी।

मालूम हो कि वर्ष 2018 में स्वास्थ्य विभाग में 75 लोगों की संविदा भर्ती की प्रक्रिया शुरू हुई थी। इसके बाद पांच बार महज अभ्यर्थियों के चयनित होने संबंधी जानकारी सामने आई। हर बार केवल नियुक्ति पत्र जारी करना बाकी था। पिछले कुछ दिनों से आवेदक धरनारत हैं। हाल ही में महासमुंद पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने कलेक्टर से इनके मामले तत्काल सुलझाने कहा था और कलेक्टर ने भी हफ्ते भर में नियुक्त पत्र जारी कर देने की बात कही थी।
जानकारी अनुसार कलेक्टर ने मंत्री के लौटते ही इस मामले को सुलझाने के लिए एक कमेटी तैयार की थी। उस कमेटी ने बैठक लेकर उक्त 75 पदों पर पुन: परीक्षा आयोजित कर इंटरव्यू का फैसला लिया है।

उक्त फैसले से आवेदक काफी नाराज हैं। इनमें से एक आवेदक बसना निवासी ब्रजेश पति, पिता वृंदावन पति आत्महत्या करने की नीयत से कलेक्टर कार्यालय पहुंचा है। उन्होंने अपने सुसाइडल नोट की एक प्रति कलेक्टर को भेजी है। लेकिन इस वक्त कलेक्टर अपने कक्ष में नहीं है और जिला पंचायत में मीटिंग में व्यस्त हैं। कलेक्टर कार्यालय में अपने कमरे में मौजूद अतिरिक्त कलेक्टर ओपी कोसरिसा इस मामले में कुछ भी कहने से इंकार कर रहे हैं। कलेक्टर कार्यालय के भीतर और बाहर पुलिस जवानों का पहला है। बाहर ब्रजेश कलेक्टर से बात करने खड़ा है। उनके साथ बाकी 74 आवेदक और पूर्व विधायक डॉ विमल चोपड़ा अपने साथियों के साथ खड़े हुए हैं।

 


अन्य पोस्ट