महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 अप्रैल। वर्तमान में प्राइमरी व मिडिल स्कूल में एंड लाइन परीक्षा हो रही है। यह परीक्षा अगामी 24 अप्रैल तक चलेगी। यदि इसके बावजूद विषयों की परीक्षा रह जाती है तो भी बच्चों को स्कूल आने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा। जो बच्चे अपनी मर्जी से आएंगे वे पेपर देंगे, जो नहीं आएंगे उसे भी पास कर दिया जाएगा।
बुधवार को जारी आदेश में स्पष्ट कर दिया है कि इस साल 24 अप्रैल से ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू होगी। इस आदेश के बाद गुरूवार को एक और आदेश जारी कर शिक्षकों को राहत दी गई। जिला शिक्षा अधिकारी एस चंद्रसेन ने बताया कि 24 अप्रैल से ग्रीष्मकालीन अवकाश दे दिया गया है। आगामी 24 अप्रैल तक एंडलाइन परीक्षा पूरी हो जाएगी। एक ही विषय बचेगा, उसे देना जरूरी नहीं है।
मालूम हो कि ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित करने के बाद एंडलाइन परीक्षा की समय-सारणी में भी आंशिक परिवर्तन किया गया है। पहले कक्षा पहली व दूसरी की परीक्षा 26 अप्रैल तक थी। तीसरी से पांचवी तक 27 व छटवीं से आठवीं 29 अप्रैल तक परीक्षा निर्धारित थी। नये आदेश के बाद इसमें आंशिक परिर्वतन करते हुए पहली व दूसरी की परीक्षा 22 आज अप्रैल को ही समाप्त हो रही है। इसी प्रकार तीसरी से पांचवीं तक 23 अप्रैल, छटवीं से आठवीं तक 25 अप्रैल को समाप्त होगी। पहले 1 मई से शिक्षा सत्र शुरू करने की बात थी, जिसे अब 16 जून कर दिया गया है।