महासमुन्द
महासमुंद, 22 अप्रैल। अब राशन कार्ड में नाम जुड़वाने व कटवाने के बाद पीडीएफ के लिए खाद्य विभाग के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है। खाद्य विभाग के कर्मचारी व कार्डधारियों को बड़ी राहत देते हुए इस काम के लिए नगर पालिका व जनपद के कर्मचारियों को नाम काटने व जोडऩे के बाद पीडीएफ जारी करने का आईडी व पासवर्ड दे दिया गया है। मालूम हो कि पहले राशन कार्ड में नए सदस्यों के नाम जोडऩे और किसी पुराने सदस्य का नाम काटने के लिए स्थानीय प्रशासन को आवेदन देने के बाद पीडीएफ के लिए खाद्य विभाग के चक्कर काटने होते थे। इसके चलते कार्डधारियों को खासी परेशानी होती थी।
जानकारी के मुताबिक जिलेभर के कार्डधारियों को इसके लिए दूर-दराज से जिला मुख्यालय आना पड़ता था। रोजाना 50 से 60 लोग नाम कटवाने व जुड़वाने आते थे। अब इन लोगों को नई सुविधा से राहत मिलेगी। खाद्य विभाग के अनुसार नाम काटने व जोडऩे की सुविधा स्थानीय प्रशासन को थी।
लेकिन पीडीएफ खाद्य विभाग से जारी होता था। अब इस सुविधा को सरल करते हुए स्थानीय प्रशासन को सौंप दिया गया है। अब नगर पालिका या फिर जनपद पंचायत से भी पीडीएफ जारी कर नया राशन कार्ड बनाकर हितग्राहियों को दिया जाएगा।
इस वक्त महासमुंद जिले में बीपीएल व एपीएल के करीब 3 लाख राशन कार्डधारी हैं। ये उचित मूल्य की दुकान से राशन लेते हैं। उचित मूल्य की दुकान से सदस्यों की संख्या के आधार पर खाद्यान सामग्री मिलती है। परिवार में नए सदस्य के आने पर कार्ड में नए सदस्य का नाम जुड़वाया जाता है। इसी तरह से परिवार में यदि कोई सदस्य की मौत हो गई या वेबाहर निवासरत हैं तो उसका नाम हटवाने का काम भी किया जाता है।
अब राशन कार्ड में नाम जुड़वाने या कटवाने के लिए स्थानीय नगर पालिका या जनपद पंचायत में आवेदन देना होगा। फिर यहीं से कार्ड जारी कर दिया जाएगा। इसमें समय की बचत होगी। पूर्व में राशन कार्ड में नाम जुड़वाने या कटवाने के लिए स्थानीय नगर पालिका या जनपद पंचायत में आवेदन देना पड़ता था। यहां से कार्ड को अपडेट कर खाद्य विभाग भेजा जाता और इसके बाद खाद्य विभाग से ही नए कार्ड का पीडीएफ जारी होता था। इसमें अधिक समय लगता था।