महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 अप्रैल। कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर ने आदेश जारी कर जिला अधिकारियों से कहा है कि अक्षय तृतीया के अवसर पर बाल विवाह हरगिज न होने दें। बाल विवाह को रोकने के लिए जागरूकता फैलाई जाए।
कलेक्टर ने कहा कि बाल विवाह के बारे में परिवारों से बातचीत करके उन्हें समझाया जाए तथा स्कूल छोडऩे वाले बच्चों की सूची तैयार की जाए। गौरतलब है कि अक्षय तृतीया के मौके पर कई ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में कुछ समुदायों में बाल विवाह का चलन है।
इस पर कलेक्टर ने जिला अधिकारियों को लिखे एक पत्र में कहा कि अक्षय तृतीया के मौके पर कई ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में कुछ समुदायों में बाल विवाह का चलन है, लिहाजा ऐसे जगहों पर बच्चों की शादियां हो सकती हैं। चिन्हांकित समुदायों और गांवों में प्रशासन के अधिकारी कर्मचारी अपने अपने टीम केसाथ अलर्ट रहे वहीं आंगन बाडिय़ों को आदेशित करें कि आसपास कहीं भी बाल विवाह न हो।
उन्होंने जिला अधिकारियों को लिखे एक पत्र में कहा है कि कई खबरों से पता चलता है कि बाल विवाह होते हैं। पता चलने पर अधिकारी मौके पर पहुंच कर माता-पिता सगे संबंधी आदि को समझाकर विवाह रुकवाते भी हैं। उन्होंने कहा है कि विवाह की रोकथाम हेतु कार्ययोजना बनायी है। उसके मुताबिक इस बुराई को रोकने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि आपको अवगत होना चाहिए कि बाल विवाह निषेध कानून 2006 की धारा 13-4 में प्रावधान है कि अक्षय तृतीया जैसे किसी मौके पर सामूहिक बाल विवाह के आयोजन को लेकर जिला अधिकारी को बाल विवाह निषेध अधिकारी माना जाएगा।
कलेक्टर ने जिला अधिकारियों से कहा है कि वे गांव, नगर, वार्ड, जिला, तहसील स्तर पर जागरुकता कार्यक्रम चलाएं तथा स्कूल छोडऩे वाले बच्चों की सूची बनाएं। ऐसे बच्चों की शिनाख्त करें जो बाल विवाह का शिकार हो सकते हैं। यह एक गम्भीर सामाजिक बुराई है समाज में इस कुप्रथा का स्वरूप बहुत ही भयावह है। सामान्य रूप से प्रचलित वैवाहिक कार्यक्रमों के साथ-साथ शहरी, ग्रामीण क्षेत्रों में 3 मई को अक्षय तृतीया के अवसर पर अन्य वैवाहिक कार्यक्रम भी शुरू हो जाएंगे। किसी भी स्थिति में बाल विवाह न हो, यह प्रशासन के द्वारा सामुदायिक सहयोग से ही संभव है।