महासमुन्द
मात्र 2 पात्र पाए गए
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 22 अप्रैल। ग्राम पंचायत बरेकेल में 39 युवाओं को वृद्धावस्था पेंशन देने की खबर ‘छत्तीसगढ़’ में प्रकाशन के बाद उपसंचालक समाज कल्याण विभाग महासमुन्द द्वारा की गई जांच में मात्र 2 हितग्राही पात्र पाए गए, जबकि 37 हितग्राही अपात्र पाए जाने से इनकी पेंशन तत्काल प्रभाव से बन्द कर दी गयी है। इसके अलावा विगत 10 वर्षों से अपात्रों को दी जा चुकी पेंशन की क्षतिपूर्ति के लिए संचालक समाज कल्याण विभाग को जांच रिपोर्ट भेज दी गयी है।
आरटीआई के तहत मामले की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर जांच अधिकारी संगीता सिंह उपसंचालक समाज कल्याण जिला महासमुन्द द्वारा जांच के बाद दिए गए अपने अभिमत में कहा है कि उक्त शिकायत की जांच में शिकायतकर्ता लोचन चौहान न्यूज रिपोर्टर, सचिव गुलाब कोसरिया, पूर्व सरपंच पुरुषोत्तम ध्रुव एवं पूर्व एवं वर्तमान सरपंच डोलमती साहू का बयान एवं हितग्राहियों की मतदाता परिचय पत्र की जांच के दौरान अवलोकन करने पर पाया गया कि वर्ष 2011 की स्थिति में कुल 39 हितग्राहियों में से 2 पात्र एवं 37 अपात्र एवं 1 का पेंशन स्वीकृत नहीं किया गया है। पूर्व उप सरपंच एवं वर्तमान सरपंच का बयान 7 सचिव का बयान हितग्राहियों का बयान एवं मतदाता परिचय पत्र आधार कार्ड की प्रति ली गयी। जांच टीम में सुशील कुमार चौधरी वरिष्ठ करारोपण अधिकारी जनपद पंचायत पिथौरा, प्रदीप कुमार प्रधान सीईओ जनपद पिथौरा, दिप्ती साहू उपसंचालक पंचायत महासमुन्द उपसंचालक संगीता सिंह के साथ जांच टीम में शामिल थे।
श्रीमती सिंह ने बताया कि अपात्रों को करीब 10 वर्ष तक पेंशन दिया जा चुका है। शासन मद से फर्जी तरीके से वृद्धा पेंशन के नाम से आहरित राशि वसूली के लिए संचालनालय समाज कल्याण विभाग को जांच रिपोर्ट भेज दी गयी है, अब देखना यह होगा कि इस राशि की वसूली फर्जी सूची जनपद में प्रस्तुत करने वाले पर, स्वीकृत करने वालो या फर्जी तरीके से पेंशन लेने वालों से वसूल की जाएगी।
ज्ञात हो कि उक्त मामले की शिकायत बरेकेल के पूर्व सरपंच पुरुषोत्तम ध्रुव द्वारा विगत 10 वर्षों से की जा रही थी, परन्तु कभी भी किसी भी अफसर ने शिकायत की जांच करवाने की जहमत नहीं उठाई, परन्तु ‘छत्तीसगढ़’ में खबर प्रकाशन के बाद प्रशासन ने मामले को संज्ञान में लिया था।
अपात्रों की पेंशन बन्द- सीईओ
स्थानीय जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रदीप प्रधान ने बताया कि फर्जी वृद्धा पेंशन धारियों की पेंशन बन्द कर वसूली की कार्यवाही हेतु मामला संचालनालय समाज कल्याण विभाग भेजा गया है।
