महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 अप्रैल। इस साल जिले के सरकारी प्राइमरी व मिडिल स्कूलों में 15 मई से 16 जून ग्रीष्मकालीन अवकाश में बच्चों को मध्याह्न भोजन मिलेगा। शिक्षक बारी-बारी से इसका संचालन करेेंगे। इसके लिए शिक्षा विभाग से आदेश जारी हो गया है। कोविड काल के समय स्कूल बंद होने के कारण शिक्षकों ने बच्चों के घरों तक सूखा राशन पहुंचा था, लेकिन इस बार संक्रमण कम होने के कारण स्कूलों में भोजन खिलाने का निर्णय लिया है। मीनू के आधार पर भोजन बच्चों को खिलाएंगे। शिक्षक मध्याह्न भोजन खिलाने के अलावा मॉनिटरिंग भी करेंगे।
महासमुंद जिले में 1281 प्राइमरी व 490 मिडिल स्कूलों का संचालन किया जा रहा है। ये सभी स्कूल सरकारी हंै। सरकारी प्राइमरी व मिडिल स्कूल में एंड लाइन परीक्षा शुरू हो गई है। इस बार शिक्षा सत्र बढ़ाने के कारण परीक्षा देरी से हो रही है। 25 अप्रैल तक एंड लाइन परीक्षा होगी। इसके बाद 30 अप्रैल तक परीक्षा परिणाम जारी कर दिया जाएगा। 1 मई से नए सत्र का संचालन होगा। लेकिन बड़ी बात यह है कि 16 अप्रैल के बाद बच्चों को स्कूल में आने का दबाव समाप्त कर दिया गया है।