महासमुन्द
पिता का चार महीने से चल रहा था दिमागी इलाज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 19 अप्रैल। सरायपाली के अमरकोट में पिता ने बेटी की हत्या कर दी। घटना सोमवार सुबह 5 बजे की बताई जा रही है। हत्या की खबर फैलते ही गांव में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस गांव पहुंची और आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
बताया जाता है कि बेटी की हत्या करने वाला पिता मानसिक रूप से बीमार है। उसे अचानक दौरा पड़ता था और अजीब हरकत करता था। परिजन उसका इलाज पिछले चार सालों से करा रहे थे, लेकिन सोमवार को उसे फिर से दौरा पड़ गया और अपनी 18 वर्षीय बेटी की टंगिया से वार कर हत्या कर दी।
इसकी जानकारी सरायपाली थाना प्रभारी आशीष वासनिक ने दी है। उन्होंने बताया कि ग्राम अमरकोट के ग्राम कोटवार के जरिए सूचना मिली कि गांव की सरस्वती भोई की उसके पिता अनंतराम भोई पिता वासुदेव भोई ने टंगिया मारकर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही टीम गांव पहुंची। जहां देखा कि मृतिका घटना स्थल पर में मृत अवस्था में पड़ी थी। मृतका के गले व चेहरे में टंगिया के वार के निशान थे। हत्या के बाद पिता के संबंध में जब टीम ने परिजनों से पूछताछ की तो बताया कि वह फरार हो गया। टीम ने गांव में घेराबंदी कर हिरासत में लिया और उसके कमरे से टंगिया बरामद किया है।